रायगढ़

टैक्स स्लेब परिवर्तन का भाजपा के साथ कांग्रेस पार्षदों ने भी किया विरोध
26-Feb-2022 7:21 PM
टैक्स स्लेब परिवर्तन का भाजपा के साथ  कांग्रेस पार्षदों ने भी किया विरोध

जिंदल के टैक्स स्लैब में परिवर्तन के लिए लाया प्रस्ताव निरस्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 26 फरवरी। नगर निगम की सामान्य सभा हंगामेदार रही। सामान्य सभा में जनहित के मुद्दे को शामिल नहीं करने और उद्योगों के लिए तय किए गए टैक्स स्लेब में परिवर्तन के विरोध में भाजपा के साथ साथ कांग्रेस पार्षदों ने भी जमकर विरोध किया। विरोध को देखते हुए अंतत: जिंदल कंपनी के टैक्स स्लैब मे परिवर्तन के लिए लाए गए प्रस्ताव को निरस्त कर दिया गया। मामले में देर तक हंगामे की स्थिति रही। 

रायगढ़ नगर निगम में सामान्य सभा नहीं बुलाए जाने को लेकर भाजपा पार्षद पूर्व से ही नाराज थे। तकरीबन आठ महीने के अंतराल के बाद जब सामान्य सभा बुलाई गई तो उसमें भी शहर विकास से जुडे मुद्दों को शामिल नहीं किया गया था। न तो सामान्य सभा के एजेंडे में गर्मी पूर्व पेय जल की तैयारियों का मुद्दा था न ही सीवरेज प्लान और संजय मार्केट जैसे बड़े विषयों को शामिल किया गया था। ऐसे में बैठक के शुरुआत में  बैठक व्यवस्था को लेकर विवाद शुरू कर दिया। और भाजपा ने जमकर हंगामा मचाया। इतना ही नहीं भाजपा का ये भी आरोप था कि निजी उद्योग समूह को लाभ देने के लिए जानबूझकर टैक्स का स्लैब कम करने का प्रस्ताव सदन में लाया गया है। अगर उद्योगों के जोन को बदला जाता है तो उद्योगों को कम टैक्स देना पड़ेगा जिससे निगम को हानि होगी। ऐसे में टैक्स का स्लैब नहीं बदला जाना चाहिए। मामले को लेकर भाजपा देर तक विरोध करती रही।

भाजपा के वरिष्ठ पार्षद सुभाष पांडेय, भाजपा पार्षद ने आरोप लगाया कि सामान्य सभा की बैठक में जनहित के मुद्दे को शामिल नहीं किया गया था। एक दो मुद्दे थे जिससे जनता का सरोकार था। उन्होंने कहा  जिंदल स्टील पर 2012 -13 में संपत्ति कर लगाया गया था जिस पर उद्योग समूह ने हाइकोर्ट में याचिका लगाई थी।शहर सरकार ने दर परिवर्तन का प्रस्ताव लाया था,,लेकिन आम राय से ये तय किया गया है कि जोन नहीं बदला जाएगा और 2012 में जो दर लागू किया गया था उसे लागू किया जाएगा और बकाया राशि वसूली जाएगी।

सामान्य सभा में पार्षदों के विरोध को देखते हुए टैक्स के विषय को लेकर लाए गए प्रस्ताव क अंतत: निरस्त कर दिया गया। इस मामले में मेयर का कहना था कि सामान्य सभा में चर्चा के लिए सभी जरुरी बिंदुओँ को शामिल किया गया है। टैक्स स्लैब में परिवर्तन का प्रस्ताव लाया गया है। इस पर पार्षदों ने आपत्ति दर्ज कराई। लिहाजा अब उद्योग समूह से पुराने दर पर ही साल 2012 से टैक्स अधिरोपित किया जाएगा। महापौर जानकी काटजू ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि सामान्य सभा की बैठक में जिंदल के एजेंडे को सभी जनप्रतिनिधियों ने जोन पांच में ही टैक्स लेने की सहमति दी है। क्योंकि शहर के विकास के साथ साथ निगम की आय भी बढेगी। बहरहाल सामान्य सभा मेें लाए गये 10 प्रस्ताव में से 5 पर ही परिषद की मंजूरी मिल सकी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news