दन्तेवाड़ा

दंतेश्वरी मंदिर में 8 हजार मनोकामना ज्योत जगमगाए, भक्तों का तांता
26-Sep-2022 8:46 PM
दंतेश्वरी मंदिर में 8 हजार मनोकामना ज्योत जगमगाए, भक्तों का तांता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 26 सितंबर।
शारदीय नवरात्रि पर्व पर बस्तर आराध्य दंतेश्वरी देवी का दरबार आकर्षक तरीके से सजाया गया है। देवी के दर्शन के लिए आज नवरात्र के पहले दिन भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।

 नवरात्रि पर्व के पहले दिन सोमवार को दंतेश्वरी दरबार में देवी शैलपुत्री स्वरूप की विधिवत पूजा और अर्चना की गई। देवी को विभिन्न प्रकार की भोग सामग्रियां अर्पित की गई। देवी का आकर्षक तरीके से श्रृंगार किया गया। इसके उपरांत भक्तों का तांता लग गया। नवरात्रि के पहले दिन बड़ी संख्या में दर्शनार्थियों ने माता के दरबार में मत्था टेका और मनोकामना मांगी।

8 हजार ज्योति कलश जगमगाए
तहसीलदार दंतेवाड़ा यशोदा केतारप नेंं छत्तीसगढ़ को बताया कि शारदीय नवरात्रि के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है।मंदिर परिसर की विद्युत झालरों से आकर्षक सजावट की गई है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 8 हजार मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित कराए गए हैं। जिसमें लगभग 2 हजार घी और 6 हजार तेल ज्योति कलश शामिल है।

9 दिन की होगी नवरात्रि
माता दंतेश्वरी के प्रधान पुजारी हरेंद्र नाथ जिया ने छत्तीसगढ़ को बताया कि इस वर्ष नवरात्रि 9 दिनों की होगी। नवरात्रि में तिथि का क्षय नहीं होगा। प्रत्येक दिन विशेष पूजा और हवन किया जाएगा। अष्टमी के दिवस दंतेश्वरी देवी की डोली बस्तर दशहरा में भाग लेने हेतु जगदलपुर रवाना होगी। दुर्गा नवमी के मौके पर पूर्णाहुति और भंडारा वितरण किया जाएगा।इसी तिथि को ज्योति कलशों का विसर्जन भी होगा।

विशेष दर्शन 2 हजार 1 सौ में
 मंदिर समिति के सदस्य राजनाथ साय ने छत्तीसगढ़ को बताया कि दर्शनार्थियों हेतु विशेष दर्शन की व्यवस्था भी की गई है। जिसके निमित्त 2 हजार 1 सौ रुपए भुगतान करने होंगे। जिससे चार सदस्यों को दंतेश्वरी देवी के विशेष दर्शन कराए जाएंगे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news