दन्तेवाड़ा

शराब की बोतलों का विवाद, महिलाओं ने किया डेढ़ घंटे चक्काजाम
11-Nov-2022 4:59 PM
शराब की बोतलों का विवाद, महिलाओं ने किया डेढ़ घंटे चक्काजाम

पालनार बाजार पूर्णतया प्रभावित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 11 नवंबर।
दंतेवाड़ा के कुआकोंडा विकासखंड अंतर्गत पालनार साप्ताहिक बाजार के मार्ग पर ग्राम हड़मा मुंडा की महिलाओं ने चक्काजाम कर दिया। इसके फलस्वरूप पालनार का साप्ताहिक बाजार पूर्णतया प्रभावित रहा।
उल्लेखनीय है कि इस मामले का आगाज किरंदुल से  हुआ। जब किरंदुल में स्थानीय महिलाओं ने पालनार इलाके की महिलाओं की शराब की बोतलों और डिब्बों को फेंक दिया। जिससे पालनार इलाके की महिलाओं को हजारों रुपए की क्षति उठानी पड़ी।

पालनार में फेंकी शराब
विगत सप्ताह ग्राम पालनार के साप्ताहिक बाजार में स्थानीय लोगों द्वारा शराब की बोतलों को फेंक दिया गया था, वहीं शराब के डिब्बों को जब्त कर लिया गया था। इसके पीछे कारण दिया गया कि पालनार में शराबबंदी लागू की जा रही है। बाद में कुछ महिलाओं को उनके शराब के डिब्बे वापस भी किए गए।

इस मामले में रोचक पहलू यह है कि ग्राम पंचायत पालनार को शराबबंदी के मुद्दे से दूर रखा गया है। सरपंच को इस मुद्दे की जानकारी नहीं है।
विगत सप्ताह शुक्रवार को ग्राम गोंंगपाल और हड़मा मुंडा के महिलाओं के शराब के डिब्बे वापस नहीं किए गए। इसके चलते संबंधित गांव की महिलाओं में आक्रोश था। इसके फलस्वरूप शुक्रवार को गोंंगपाल और हड़मामुंडा की महिलाओं द्वारा पालनार सडक़ के दौरान चक्काजाम किया गया।

बड़ी मशक्कत से हटा जाम
शुक्रवार को पालनार बाजार हेतु नकुलनार, दंतेवाडा, गीदम और अन्य गांवों से बड़ी संख्या में व्यापारी पालनार पहुंचते हैं। इसी कड़ी में चक्काजाम के कारण से दर्जनों वाहनों का जाम लग गया था। थाना प्रभारी  कुआकोंडा चंदन सिंह को घटना की सूचना मिली। इसके उपरांत वे तत्काल घटनास्थल पहुंचे।

उन्होंने अनुवादकों की सहायता से महिलाओं के रोष को शांत किया। उन्होंने कहा कि आगामी मंगलवार को पालनार में ग्रामीणों की बैठक की जाएगी। उक्त आश्वासन के उपरांत ही महिलाएं मानी और आंदोलनरत महिलाएं पालनार बाजार पहुंची।

बाजार पर व्यापक असर
पालनार बाजार पर ग्रामीणों के आक्रोश का व्यापक असर पड़ा। बाजार में अधिकांश दुकानें देर से खुली, वहीं ग्रामीणों की आवाजाही नगण्य रही। आंदोलनरत महिलाओं ने व्यापारियों से दुकान नहीं लगाने को कहा। वहीं कुछ व्यापारियों के सामानों को भी फेंक दिया था। गल्ला व्यापारियों को महुए की बिक्री करने से रोका। इसके फलस्वरूप व्यापारियों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news