मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

पार्षद उप चुनाव में प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस और भाजपा ने झोंकी ताकत
07-Jan-2023 7:35 PM
पार्षद उप चुनाव में प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस और भाजपा ने झोंकी ताकत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेन्द्रगढ़, 7 जनवरी। मनेंद्रगढ़ में पार्षद उप चुनाव को लेकर शनिवार को प्रचार का अंतिम दिन होने की वजह से कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों ने अपने-अपने प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने वार्ड में सघन जनसंपर्क किया। कांग्रेस की ओर से सविप्रा उपाध्यक्ष राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त विधायक गुलाब कमरो ने प्रचार की कमान संभाली और उनके साथ नपाध्यक्ष प्रभा पटेल, रमेश सिंह, पूर्व नपाध्यक्ष राजकुमार केशरवानी, राजेश शर्मा आदि उपस्थित रहे वहीं भाजपा की ओर से नेता प्रतिपक्ष पार्षद सरजू यादव के साथ पूर्व जिलाध्यक्ष लखन लाल श्रीवास्तव, सुरेश सोनी, पार्षद अजमुद्दीन अंसारी, आशीष सिंह आदि ने जनसंपर्क कर भाजपा प्रत्याशी के लिए वार्डवासियों से उनका आशीर्वाद मांगा।

नगर पालिका परिषद् मनेंद्रगढ़ अंतर्गत वार्ड क्र. 3 में पार्षद रहे सपन महतो का निर्वाचन शून्य घोषित होने की वजह से वार्ड में उप चुनाव हो रहा है। 9 जनवरी को मतदान होना है और 12 जनवरी को मतगणना होनी है। वार्ड क्र. 3 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित वार्ड है। वार्ड में कुल 898 मतदाता हैं। नपा चुनाव में वार्ड क्र. 3 में कांग्रेस के उम्मीदवार राजकिशन महतो को 300 मत प्राप्त हुए थे जबकि निर्दलीय प्रत्याशी सपन महतो ने 312 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की थी वहीं भाजपा से पार्षद पद के उम्मीदवार रहे सूरज चंदेल तीसरे स्थान पर रहे। 22 वार्डों वाली नपा मनेंद्रगढ़ में वर्तमान में भाजपा के 6 पार्षद हैं।

उप चुनाव में वार्ड क्र. 3 में भाजपा ने चेहरा बदल कर अमित कुमार चंदेल को प्रत्याशी बनाया है तो वहीं कांग्रेस ने पिछली दफा दूसरे स्थान पर रहे पार्षद पद के उम्मीदवार राजकिशन महतो को टिकट न देकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज कर कांग्रेस का दामन थामने वाले सपन महतो पर भरोसा जताया है। दोनों ही दलों की ओर से जोर-शोर से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। पार्षद उप चुनाव में प्रचार के अंतिम दिन विधायक गुलाब कमरो ने प्रत्याशी एवं कार्यकर्ताओं के साथ वार्ड में सघन जनसंपर्क किया। उन्होंने घर-घर जाकर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी।

वहीं भाजपा ने उप चुनाव में विजय हासिल करने नेता प्रतिपक्ष सरजू यादव को जिम्मेदारी सौंपी है। प्रचार के अंतिम दिन भाजपा ने भी वार्ड में अपने प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी।

नेता प्रतिपक्ष सरजू यादव ने कहा कि कांग्रेस में गुटबाजी का फायदा भाजपा को मिलेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पार्टी से किसी को टिकट न देकर पिछले चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार रहे उन्हें मैदान में उतारा है जो असंतोष का कारण है और इसका फायदा उनकी पार्टी को अवश्य मिलेगा। इसके अलावा वे कहते हैं कि पिछले 3 सालों में वार्ड में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हुए हैं, इसे भी उन्होंने मुद्दा बनाया है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news