बलरामपुर

प्राचार्य के खिलाफ दुर्व्यवहार की शिकायत, जांच करने पहुंची संयुक्त संचालक सरगुजा की टीम
20-Apr-2023 8:07 PM
प्राचार्य के खिलाफ दुर्व्यवहार की शिकायत, जांच करने पहुंची संयुक्त संचालक सरगुजा की टीम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजपुर,20 अप्रैल।
प्राचार्य के खिलाफ दुर्व्यवहार की शिकायत पर संयुक्त संचालक सरगुजा की टीम जांच करने पहुंची।

बालक हायर सेकेंडरी स्कूल राजपुर में पदस्थ शिक्षक, शिक्षिकाएं व चपरासी ने पदस्थ प्राचार्य पर प्रताडि़त करने व दुर्व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाते बताया कि प्राचार्य के द्वारा लगातार हम सभी को आर्थिक व मानसिक रूप से प्रताडि़त किया जा रहा है। प्राचार्य के पास डीडीए पावर होने से कई शिक्षकों व चपरासी का वेतन रोक दिया जा रहा है।

सभी शिकायतकर्ताओं के द्वारा बलरामपुर जिला शिक्षा अधिकारी व संयुक्त संचालक सरगुजा के समक्ष प्राचार्य के खिलाफ लिखित शिकायत की गई है। वहीं इस संबंध में शिकायत उपरांत जिला शिक्षा अधिकारी स्वयं इस विषय पर जांच कर चुके हैं फिर भी कोई ठोस परिणाम नही मिला। जिसके बाद संयुक्त संचालक सरगुजा की जांच टीम ने इस संदर्भ में जांच करते हुए सभी पीडि़त शिक्षकों का लिखित बयान दर्ज किया है साथ ही जांच के दौरान बच्चों से प्रेक्टिकल परिक्षा में पैसे की मांग की भी पुष्टि हुई है। जांच टीम ने सभी के बयान को दर्ज कर लिया है और जल्द जांच रिपोर्ट तैयार कर कार्यवाही के लिए उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट सौंपेगी।

इस संबंध में जाँच में पहुँचे बी के राय सहयक संचालक सरगुजा ने बताया कि मामले की शिकायत मिली थी। सभी शिकायतकर्ताओं की लिखित बयान दर्ज की गई है। जाँच रिपोर्ट तैयार करते समय सभी बिदुओं का ध्यान रखते हुए उच्च अधिकारियों को जाँच रिपोर्ट सौंपी जाएगी जिसके बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।वहीँ जब इस मामले में स्कुल के प्राचार्य आई डी खलखो से उनका पक्ष लेने की कोशिश की गई तो वे मीडिया कर्मी को देखकर भाग गए।

शिकायत के बाद केंद्राध्यक्ष बदले
इस मामले में शिकायत के बाद जिला शिक्षा अधिकारी के.एल. महिलांगे ने बालक हायर सेकेंडरी स्कूल में चल रहे ओपन परीक्षा के केंद्राध्यक्ष आई डी खलखो को हटा दिया है, उनकी जगह धन्धापुर के प्राचार्य अरुण कुमार दुबे को नए केंद्राध्यक्ष नियुक्त किया है।

प्राचार्य नहीं बदले गए तो करेंगे अनशन
बालक हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ शिक्षक शिक्षिकाएं एवं अन्य कर्मचारियों ने स्कूल में पदस्थ प्राचार्य आई डी खलखो को हटाने की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि प्राचार्य नहीं बदले गए तो आंदोलन सहित अनशन करने को बाध्य होंगे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news