दुर्ग

गौवंश के संरक्षण को लेकर दुर्ग से दिल्ली तक पदयात्रा पर निकले 2 गौसेवक
02-Mar-2024 4:03 PM
गौवंश के संरक्षण को लेकर दुर्ग से दिल्ली तक पदयात्रा पर निकले 2 गौसेवक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 2 मार्च। गौवंश के संरक्षण और कल्याण के उद्देश्यों को लेकर गौसेवक आकाश मजूमदार व लेखराम यादव शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली तक के पदयात्रा पर निकले। उन्होंने अपनी पदयात्रा की शुरूवात सिकोलाभाठा रैक प्वांइट स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना  कर की। तत्पश्चात् पदयात्रा करते हुए उन्होंने पूरे शहर का भ्रमण किया।

इस दौरान प्रमुख मार्गो व चौक-चौराहों पर विभिन्न राजनीतिक दलो के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक व धार्मिक संगठनों द्वारा गौसेवको का स्वागत कर उन्हें अपने उद्देश्यों में सफल होने की शुभाकमनाएं दी गई। गौसेवक आकाश मजूमदार व लेखराम यादव के शहर भ्रमण के दौरान कंकालिन मंदिर चौक पर नगर निगम के सभापति राजेश यादव ने पार्षदों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान समाजसेवी दिग्विजय सिंह, शिशिरकांत कसार, अभिषेक प्रजापति, देवव्रत सिंह, अमित सरकार, नितेश जैन, राहुल बाबा, सूरज विस्वास के अलावा सैकड़ों की संख्या में गौसेवक मौजूद रहे।

नई दिल्ली राष्ट्रपति भवन तक के पदयात्रा पर निकले गौसेवक आकाश मजूमदार ने बताया कि गौवंश को उचित व्यवस्था देने गौसेवक हरसंभव प्रयास कर रहे है, लेकिन छत्तीसगढ़ के अलावा अन्य राज्यों में अभी भी गौवंश की स्थिति दयनीय है। गौवंश लावारिस हालत में विचरण कर रहे हैं। दुर्घटना में मौत का शिकार भी हो रहे है। गौशालाओं में गौवंश की ठीक से देखभाल नहीं किया जा रहा है। गौ तस्करी की घटनाओं में लगातार

इजाफा हो रहा हैं। गौवंश कत्लखाना भेजे जा रहे हैं। ऐसे कई गंभीर कारण हैं। जिसकी वजह से गौमाता कहे जाने वाले देश में गौवंश की स्थिति ठीक नहीं है। इन सारे मुद्दों के अलावा गौवंश के संरक्षण व कल्याण के उद्देश्यों को लेकर राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली तक यह पदयात्रा की जा रही है।

उन्होंने बताया कि लगभग 14 सौ किमी की यह पदयात्रा वे 30 से 35 दिनों में पूर्ण कर लेगे। प्रतिदिन 40 किमी पदयात्रा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पदयात्रा में सुसज्जित गौरथ गौसेवकों के लिए आकर्षण का केन्द्र बन रहा है। सहयोगी के तौर पर सुरजचंद विश्वास, संगीत कुमार साहू व अन्य 8-10 गौसेवकों की टीम पदयात्रा में शामिल हैं।  मजूमदार ने बताया कि पदयात्रा के राजनीतिकरण होने से बचने उन्होंने प्रदेश युवा कांग्रेस के निर्वाचित सचिव पद से  इस्तीफा देकर पदयात्रा शुरू की है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news