गरियाबंद

कांग्रेस का विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन
23-Mar-2024 2:06 PM
कांग्रेस का विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 23 मार्च। कांग्रेस का विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन साहू शुक्रवार को राजिम के छात्रावास में सम्पन्न हुआ। इसमें महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू, पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल व जिला कांग्रेस अध्यक्ष भाव सिंह साहू मौजूद थे। इस सम्मेलन में बमुश्किल दो सौ कार्यकर्ता ही जुट पाए। सौ से अधिक कुर्सियां खाली थीं।

इस दौरान अमितेश शुक्ल ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष भाव सिंह साहू से कहा कि खाली कुर्सियों के लिए जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। शुक्ल ने कहा जल्द कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपों। वहीं कर्मठ कार्यकर्ताओं का गुस्सा भी सम्मेलन में फूट पड़ा।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रूपेश साहू ने कांग्रेस छोडक़र भाजपा में गए लोगों को गद्दार बताते हुए कहा कि इन लोगों ने विधानसभा चुनाव में अमितेश शुक्ल को हरवाने खूब गद्दारी की, लेकिन विधानसभा में कांग्रेस की सरकार नहीं बनी तो मौका परस्त लोग भाजपा में चले गए। ये सभी कचड़ा थे, जो लोकसभा चुनाव में साफ हो गए। वे कांग्रेस में रहते तो लोकसभा चुनाव में भी भितरघात करते।

कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू ने कहा कि महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की जनता की सेवा करने का पार्टी ने मुझे आदेश दिया है। मैं आप लोगों से राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवारिक रिश्ता बनाने आया हूं। साहू ने कहा कि भाजपा के दुष्प्रचार से आप लोगों को बचना है। पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल ने कहा कि लोकतंत्र आज खतरे में है। कांग्रेस का पैसा फ्रीज कर दिया गया है। एक रुपए खर्च नहीं कर पा रहे हैं। विषम परिस्थितियों में हम चुनाव लड़ रहे हैं। बड़े नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा रहे हैं। कार्यक्रम में रूपेश साहू, पुष्पा जगन्नाथ साहू, सुंदर साहू, डेकेशवर ठाकुर, जीतेन्द्र साहू, ठाकुर राम साहू, बैसाखू राम साहू व अन्य मौजूद थे। जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद्मा दुबे ने कहा कि संगठन के लोग महिला कार्यकर्ताओं की पूछपरख नहीं कर रहे हैं। मैंने सुझाव दिया था कि आज के कार्यकर्ता सम्मेलन में महिलाओं को गांवों से लाने वाहन उपलब्ध कराया जाए, लेकिन ध्यान नहीं दिया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news