राजनांदगांव

निगम के 15 पार्षदों ने नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ खोला मोर्चा
27-Jun-2024 2:34 PM
निगम के 15 पार्षदों ने नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ खोला मोर्चा

 पर्यवेक्षक ने की भाजपा पार्षदों से रायशुमारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 27 जून। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष की कार्यशैली को लेकर 15 पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया है। नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ आक्रोश और उन्हें हटाए जाने की मांग को लेकर चल रहे विवाद के बीच बुधवार को भाजपा के पर्यवेक्षक नांदगांव पहुंचकर पार्षदों से रायशुमारी की।

मिली जानकारी के अनुसार नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु की कार्यशैली को लेकर भाजपा पार्षदों में काफी आक्रोश व्याप्त है। भाजपा पार्षदों ने नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से उनकी शिकायत करते उन्हें नेता प्रतिपक्ष के पद से हटाने की मांगे भी की जा चुकी है।

बताया जाता है कि आगामी दिनों में होने वाले नगरीय निकय चुनाव को देखते भाजपा किसी प्रकार का रिस्क नहीं लेना चाहती, इसलिए पार्षदों की नाराजगी को देखते बुधवार को पर्यवेक्षक संजय श्रीवास्तव राजनांदगांव पहुंचे। बताया जा रहा है कि पर्यवेक्षक श्री श्रीवास्तव ने भाजपा पार्षदों से सामुहिक चर्चा करने के अलावा उनसे वन-टू-वन भी चर्चा की। उन्होंने पार्षदों की शिकायतों को गंभीरता से सुना। नगर निगम में भाजपा के 19 पार्षद हैं। बताया जा रहा है कि नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु की एकला चलो की नीति से परेशान होकर 15 पार्षदों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोलते उसे पद से हटाने की मांग कर रहे हैं।

पर्यवेक्षक के रूप में पहुंचे संजय श्रीवास्तव ने नेता प्रतिपक्ष के पद को लेकर चल रहे विवाद पर कहा कि राजनीति में यह सब चलते रहता है। अपेक्षाएं बहुत होती है, यदि वे पूरी नहीं होती तो स्वभाविक रूप से नाराजगी बढ़ती है। निगम के पार्षद दल की बैठक आयोजित की गई थ्ी। इसमें पार्षदों से सामूहिक और वन-टू-वन चर्चा की गई। साथ ही नगरीय निकाय चुनाव की तैयारी को लेकर यह बैठक हुई। उन्होंने पार्षदों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news