खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

जन सहयोग से तैयार लैब का सांसद ने किया उद्घाटन
08-Jul-2024 7:02 PM
जन सहयोग से तैयार लैब का सांसद ने किया उद्घाटन

खैरागढ़, 8 जुलाई। सांसद संतोष पांडे प्राथमिक शाला क्रमांक 2 में खंडस्तरीय शाला प्रवेश उत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शाला में  बने एस्ट्रोनॉमी लैब का फीता काट कर उद्घाटन किया। यह लैब राज्य का दूसरा तथा संभाग एवं जिले का पहला लैब होगा।

इस अवसर पर  जिला पंचायत उपाध्यक्ष  विक्रांत सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष  घम्मन साहू,  भागवत शरण सिंह, जनप्रतिनिधि,  कलेक्टर  चंद्रकांत वर्मा, वन मंडलाधिकारी  आलोक तिवारी सहित शिक्षक शिक्षिका तथा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित थे।

मुख्य अतिथि  सांसद संतोष पाण्डे ने कहा- मैं भी एक शिक्षक का बेटा हूँ मेरे पिता जी खैरागढ़ में  रहकर पढ़ाई किये। हम शिक्षक से  ही सीखते हैं। शिक्षक ने ही भारत को  विश्व गुरु बनाया है। ऐसे लैब का होना  जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने जिले में इस प्रकार के बेहतर कार्य के लिए योजनाबद्ध कर  बजट बना कर देने कहा।

विक्रांत सिंह  ने कहा कि मुझे गर्व है मेरी प्राथमिक शिक्षा इसी शाला में हुई है। एस्ट्रोनॉमी लैब में  खगोलीय उपकरण छात्र -छात्राओ के लिए  महत्वपूर्ण  जानकारी उपलब्ध कराने के साथ साथ  शिक्षक-शिक्षिकाओं, समुदाय के लिए भी उपयोगी है। उन्होंने कहा कि इस लैब का निर्माण जनभागीदारी से हुई है, जो अनुकरणीय है।  जिले के स्कूल में ऐसे लैब के होने से  बच्चे नई तकनीक से अपनी अध्ययन को बेहतर तरीके से करेंगे।

 

कलेक्टर  चंद्रकांत वर्मा ने एस्ट्रोनॉमी लैब के विकासखंड शिक्षा अधिकारी,  शिक्षकों के समन्वय तथा समाज सेवकों के सहयोग से  निर्माण के लिए  बधाई देते हुए कहा कि आज का दिन इस शहर के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि इस जर्जर स्कूल में बहुत ही गुणवत्ता के साथ सभी गणमान्य लोगों और समाज सेवियों के सहयोग से ये अभिनव पहल हुई है जिस वजह से आज एक खूबसूरत एस्ट्रोनॉमी लैब यहां बन पाया है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा में नई पद्धति का आगमन  अनिवार्य है, जिससे  विद्यार्थी एवं आम जनता अच्छे से पढ़ तथा समझ सके। कार्यक्रम को भागवत शरण सिंह सदस्य दिशा समिति ने संबोधित करते हुए प्राथमिक शाला क्रमांक 02 की ऐतिहासिक महत्व की जानकारी दी, तथा कहा कि इस शाला का जीर्णोद्धार होना अपने आप में महत्वपूर्ण कार्य है, जो छात्र छात्राओं के लिए उपयोगी है।

इससे पूर्व विकासखंड शिक्षा अधिकारी नीलम राजपूत ने बताया की इस एस्ट्रोनॉमी लैब का निर्माण जनभागीदारी,  समाज सेवियो,  संकुल समन्वयको शिक्षको के सहयोग से बनाया गया है।  उन्होंने बताया कि प्रति शनिवार को जिले के शिक्षक एवं बच्चों को लैब का अकेडमिक भ्रमण करा सकेंगे।

इस दौरान संसद श्री पांडे ने लैब के निर्माण में सहयोग करने वाले समाज सेवियों  विकास आर्या,  शुभम सिंह,  सुरेंद्र जैन,  विजय सिंह बैस , नवीन जैन,  समसुल होंदा खान, मदनी खान को शाल,  श्रीफल, मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र दे के सम्मानित किया। इसके अलावा कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं मे टॉप टेन में आए छात्राओ को भी सम्मानित किया गया, साथ ही एनएमएमएसई के तहत चयनित बच्चों एवं शिक्षको, नवोदय विद्यालय हेतु चयनित बच्चों एवं शिक्षकों को प्रमाण पत्र वितरित किया गया।

कमलेश्वर सिंह व्याख्याता को सांसद  के कर कमलों से डॉ . की उपाधि का प्रमाण पत्र  प्रदान किया गया।  इस  दौरान  विकास खंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम के तहत छोटे छोटे बच्चों की हाथ की रंग से ड्राइंग सीट में छापा लिया गया। सांसद संतोष पांडे सहित जनप्रतिनिधियों द्वारा प्राथमिक एवम माध्यमिक स्कूल के बच्चों को  नि:शुल्क  गणवेश पाठ्य पुस्तक वितरित किये गए, साथ  ही अगल अलग स्कूलों द्वारा लगाए  गए प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया।

इस दौरान शाला परिसर में ‘एक   पेड़ माँ के नाम’ पर अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण किया गया। इसके पश्चात समस्त अथितिगण बच्चों के साथ न्यौता भोजन किये।

इस  अवसर पर जनप्रतिनिधियों सहित अधिकारी कर्मचारी एवं  बच्चे मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार  प्रदर्शन  डॉ. कमलेश्वर सिंह  व्याख्याता शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खैरागढ़  द्वारा किया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news