सामान्य ज्ञान
गोवालिया टैंक मैदान को वर्तमान में अगस्त क्रांति मैदान कहा जाता है। मुंबई के नाना चौक (ग्रांट रोड) के कऱीब स्थित है ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान। इसी मैदान से 71 साल पहले महात्मा गांधीजी ने 8 अगस्त, 1942 को अंग्रेज़ों के खिलाफ भारत छोड़ो का बिगुल फूंका था।
19 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बसे इस मैदान के कुल पांच भाग हैं। इसके एक भाग में गार्डन है, जिसके बीचो-बीच गांधी स्मृति स्तंभ है। सबसे बड़ा हिस्सा अक्सर क्रिकेट खेलने के काम आता है। दो अन्य हिस्सों में बच्चों और बुजुर्गों के लिए पार्क बने हैं। एक हिस्से में छोटा ग्राउंड है। मैदान देश की सबसे बड़ी महानगरपालिका बीएमसी के अंतर्गत आता है, जो इसकी देखभाल करती है, लेकिन इसका ऐतिहासिक महत्व युवा पीढ़ी को बताने की फिलहाल कोई योजना नहीं है। अगस्त क्रांति मैदान पर आसपास के लोग सुबह, शाम जॉगिंग करते नजर आते हैं। बच्चे खेलते हुए मिलते हैं, जबकि दोपहर के वक्त यह मैदान कामकाजी लोगों का आरामगाह बन जाता है।