नारायणपुर

नक्सल मुठभेड़ में बड़ी सफलता प्राप्त कर लौटे जवानों का जोशीला स्वागत
14-Nov-2021 9:09 PM
नक्सल मुठभेड़ में बड़ी सफलता प्राप्त कर लौटे जवानों का जोशीला स्वागत

 

   गढ़चिरौली पुलिस हेडक्वार्टर में बैंड-बाजे की धुन के साथ जवानों की उतारी गई आरती    

20 पुरुष और 6 महिला नक्सलियों के शव के साथ हथियार बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नारायणपुर, 14 नवंबर।
अबूझमाड़ के सीमा से लगे गढ़चिरौली में शनिवार को देश के सुपर कमांडो सी-60 के जवानों ने 26 नक्सलियों को ढेर कर दिया। मुठभेड़ में 26 नक्सलियों को मार गिराने के बाद गढ़चिरौली मुख्यालय पहुंचने पर जवानों का नागरिक अभिनंदन किया गया। इस दौरान बैंड बाजे की धुन पर जमकर आतिशबाजी की गई। पुलिस हेड क्वार्टर पहुंचे जवानों के स्वागत के लिए नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

मुठभेड़ में सेंट्रल कमेटी के नक्सलियों के साथ कई कुख्यात मारे गए हैं। महाराष्ट्र पुलिस के द्वारा मृत नक्सलियों की शिनाख्ती की जा रही है। फोर्स को बड़ी मात्रा में नक्सली हथियार भी मिले हैं।

50 लाख का इनामी नक्सली मिलिंद तेलतुम्बडे भी ढेर
मुठभेड़  में पुलिस ने 50 लाख के इनामी नक्सली मिलिंद तेलतुम्बड़े को मार गिराया। बताया जाता है कि मिलिंद तेलतुम्बडे भीमा कोरेगांव मामले में वांछित आरोपी था। मिलिंद तेलतुम्बडे पर पुणे पुलिस के एल्गार परिषद-भीमा कोरेगांव जातिगत दंगों में शामिल होने का भी आरोप था। मिलिंद की पत्नी भी माओवाद संगठन में थी, जिसे 2011 में गिरफ्तार कर लिया गया है।

गढ़चिरौली जिले के पुलिस अधीक्षक अंकित गोयल ने कहा कि मुठभेड़ सुबह मर्दिनटोला वन क्षेत्र के कोरची में शुरू हुई जब सी-60 पुलिस कमांडो की एक टीम तलाशी अभियान चला रही थी। मुठभेड़ में चार पुलिस कर्मी भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद इन्हें एयरलिफ्ट किया गया। इन्हें नागपुर के क्रिटिकल केयर कॉमप्लेक्स ऑफ ऑरेंज सिटी हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया है। जहां इनका इलाज जारी है।

इसके साथ ही जवानों ने मौके पर से 5 एके 47, 1 यूजीबीएल, 9 एसएलआर, 1 इंसास, 3 थ्री नॉट थ्री, 12 बोर की 9 बंदूकें और 1 पिस्टल बरामद किया है।

बताया गया है कि मारे गए नक्सलियों में एक 50 लाख रुपये का इनामी नक्सली के अलावा 16 लाख रुपये का इनामी महेश उर्फ शिवाजी गोटा डीवीएस कसनसुर दलम भी शामिल है। यह नक्सली दन्तेवाड़ा जिले के जगरगुंडा का निवासी था। जवानों ने लोकेश उर्फ मंगू पोडयाम मडक़ाम डिवीसीएम व कंपनी कमांडर 4 को भी मार गिराने में सफलता पाई है। इस नक्सली पर सरकार ने 20 लाख रुपये का इनाम रखा था। मारे गए अन्य नक्सलियों पर 4, 6 और 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news