गरियाबंद

अवैध धान परिवहन रोकने होगी पेट्रोलिंग, रहेगी कड़ी नजर
15-Nov-2021 5:20 PM
अवैध धान परिवहन रोकने होगी पेट्रोलिंग, रहेगी कड़ी नजर

देवभोग-ओडिशा सीमा पर चेक पोस्ट का कलेक्टर-एसपी ने किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 15 नवंबर ।
कलेक्टर एवं एसपी ने देवभोग-ओडिशा सीमा पर अवैध धान परिवहन को रोकने बनाये चेक पोस्ट का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों को विशेष निगाह  व पेट्रोलिंग कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिये।

रविवार को देवभोग विकासखंड अंतर्गत ओडिशा सीमा से लगे विभिन्न चेक पोस्ट का औचक निरीक्षण कर धान खरीदी के पूर्व की जा रही तैयारियों का जायजा कलेक्टर निलेश क्षीरसागर एवं पुलिस अधीक्षक पारुल माथुर ने लिया। उन्होंने राज्य की सीमाओं से लगे जिले कालाहांडी, नवरंगपुर, नुआपाड़ा से सटे चेकपोस्ट खुटगांव, खोकसरा, झिरिपानी, केंदूबंद चेक पोस्टों का औचक निरीक्षण कर तैनात कर्मियों धान का अवैध परिवहन रोकने विशेष निगाह व पेट्रोलिंग कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिये।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश किया कि किसी भी स्थिति में सीमावर्ती इलाकों से राज्य में धान की आवक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने राजस्व, पुलिस, मंडी, खाद्य विभाग की टीम को  रोस्टर बनाकर 24 घंटे चेक पोस्ट में तैनात करने के लिए निर्देश दिए हैं। साथ ही अब 24 घंटे पेट्रोलिंग टीम भी निरीक्षण करेगी। परिस्थितियों को देखते हुए 13 चेकपोस्ट के स्थान पर अब 18 चेकपोस्ट बनाए गए हैं।

अधिकारियों द्वारा ऐसे 5 पगडंडियों का भी मुआयना किया गया, जहां से अवैध धान  आने की आशंका है। कलेक्टर एवं एसपी ने ऐसे रास्तों में भी सतत निगरानी के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान चेक पोस्ट में तैनात कर्मियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए  कहा कि उन्हें आवश्यक सुविधाएं दी जाएगी जिससे वे तन्मयता से  निगरानी करें। निरीक्षण के पश्चात  उनके द्वारा स्थानीय रेस्ट हाउस में बैठक कर आवश्यक निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

 निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिले में स्थापित होने वाले प्रदेश के पहले फूड पार्क की तैयारियों का जायजा भी लिया और सक्रिय महिला समूह के सदस्यों से बातचीत  की। उन्होंने विश्वास दिलाया के उनके कार्य और सक्रियता को देखते हुए यह फूड पार्क स्थापित किया जा रहा है ।इस दौरान वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी भी मौजूद थे।

धान निरीक्षण के दौरान एडिशनल एसपी चन्द्रेश ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी सूरज साहू,  नायब तहसीलदार,  देवभोग थाना प्रभारी विकास बघेल सहित  राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news