रायगढ़

3 पीडि़त महिला कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष से करेंगे मुलाकात
27-Mar-2022 3:08 PM
3 पीडि़त महिला कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष से करेंगे मुलाकात

रायगढ़, 27 मार्च। रायगढ़ जिले भाजपा के तीन महिला कार्यकर्ता अपनी अर्जी लेकर प्रदेश कार्यालय रायपुर के लिए रवाना हो गयी हैं। उनके साथ कुछ महिला पदाधिकारी भी हैं। वे वहां पर रायगढ़ के दो नेताओं के खिलाफ लिखित शिकायत करने वाली हैं, जिन्होंने कथित तौर पर उनके साथ अशोभनीय हरकत की है। तीनों पीडि़त महिला कार्यकर्ता वहां प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय, छत्तीसगढ़ प्रभारी पुरुन्देश्वरी और प्रदेश सह प्रभारी नितिन नवीन से मुलाकात कर अपनी व्यथा भी बताएंगी।  

शुक्रवार को इस मामले की जांच के लिए रायगढ़ आयी प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष सरला कोसरिया के सामने तीनों पीडि़त महिला कार्यकर्ता पेश हुए थी और उन्होंने अपनी बात खुलकर उनके सामने रखी थी। उनकी बात सुनने के बाद भाजपा की वरिष्ठ नेत्री सरला कोसरिया ने उन्हें प्रदेश नेतृत्व को लिखित शिकायत करने की सलाह दी थी इसके बाद पीडि़ताएं शनिवार को रायपुर रवाना हो गई हैं।  बताया जाता है कि आज भाजपा के राज्य सह प्रभारी नितिन नवीन रायपुर प्रवास पर रहेंगे और वे यहां भाजपा नेताओं के साथ बैठक भी करने वाले हैं। ऐसे में इन पीडि़ताओं ने भी उनसे मिलने का वक्त मांगा है।

महिला पीडि़ताओं के एक सहयोगी ने बताया कि यदि इस बार उनकी सुनवाई नहीं होती है तो वे सीधे थाना और मीडिया के पास चली जायेगी। यह बात कल पीडि़ताओं ने मामले की जांच करने आये वरिष्ठ नेत्री को भी बता दिया है। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news