गरियाबंद

सशक्त महिलाओं से सशक्त समाज का निर्माण संभव-देवांगन
19-Dec-2022 2:57 PM
सशक्त महिलाओं से सशक्त समाज का निर्माण संभव-देवांगन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम,19 दिसंबर।
ग्राम निसदा (चंपारण) में ग्राम पंचायत  द्वारा आयोजित मितानिन एवं समस्त कर्मचारियों के सम्मान समारोह का आयोजन युवा भाजपा नेता किशोर देवांगन के मुख्य आतिथ्य में हुआ।
भाजपा नेता किशोर देवांगन ने कहा कि समाज में महिलाओं की स्थिति जितनी सशक्त प्रभावशाली और सुदृढ़ होती है, समाज उतना अधिक उन्नत, सशक्त और प्रगतिशील होता है। अनेक ऐतिहासिक, सामाजिक, सांस्कृतिक कारणों से भारतीय समाज में महिलाओं विशेषकर ग्रामीण महिलाओं की स्थिति कमजोर बनी हुई है तथा शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य एवं आर्थिक भागीदारी के क्षेत्र में भी उनकी स्थिति पुरुषों की तुलना में निम्नतर बनी हुई है।

देवांगन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में सरकारी अस्पताल के प्रति लोगों में अरुचि है तथा निजी अस्पताल में इलाज का खर्चा बहुत ज्यादा रहता है। इसके चलते गरीब परिवार ना तो सरकारी अस्पताल में और ना ही निजी अस्पताल में इलाज करा पाते हैं, इसलिए उनको छोटी- छोटी बीमारी में अपनी जान गंवानी पड़ती है। मितानिन दीदियों की सक्रियता से ग्रामीणों को स्वास्थ्य की स्थिति में बहुत सुधार संभव हो पाया है। मितानिन दीदियों के कारण ग्रामीण शिशु मृत्यु दर में एक बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का सम्मान करने से उनके अंदर उत्पादकता में सुधार होती है तथा संतुष्टि का स्तर विकसित होता है। एक बार जब वह सम्मान के महत्व को समझ जाते हैं, तो उनके कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता की एक मजबूत भावना विकसित होती है।
कर्मचारियों के अंदर पारदर्शिता की संस्कृति विकसित करने तथा उनका विश्वास बढ़ाने में उनका सम्मान मदद करता है।
 सम्मान से अपनेपन की भावना विकसित होती है तथा गांव,समाज एवं देश का तीव्र गति से विकास होता है।

सरपंच महेश्वरी साहू ने कहा कि मितानिन पूर्ण रूप से स्वयंसेवी होती है उनका उत्तरदायित्व जन समुदाय के प्रति होता है। मितानिनों के सहयोग से लोगों तक स्वास्थ सुविधा आसानी से पहुंचाया जा सकता है तथा कर्मचारियों के सम्मान से गांव में उच्चतम स्तर का विकास संभव है।

सरपंच प्रतिनिधि देव कुमार साहू ने कहा जिस गांव में कर्मचारी एवं जनता के बीच उत्तम संवाद होता है, वहां विकास के नित नए आयाम लिखे जाते हैं। सम्मान से अपनेपन की भावना विकसित होती है। सम्मान गांव में एक दूसरे के लिए प्रशंसा, विश्वास, दया और देखभाल की भावना को मजबूती प्रदान करती है।

सम्मान समारोह में भाजपा नेता किशोर देवांगन, सरपंच महेश्वरी साहू, उपसरपंच वेद राम साहू, सरपंच प्रतिनिधि देव साहू तथा समस्त विभाग के कर्मचारी एवं अधिकारी व अनेकों ग्रामीणजन उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news