धमतरी

कांग्रेस सरकार ने चार साल में छत्तीसगढ़ को बदहाल कर दिया-श्रवण
06-Jan-2023 3:14 PM
कांग्रेस सरकार ने चार साल में छत्तीसगढ़ को बदहाल कर दिया-श्रवण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी,  6 जनवरी।
छत्तीसगढ़ प्रदेश में कांग्रेस सरकार के चार साल का कार्यकाल पूरा हो गया है। आगामी कुछ महीनों में आम चुनाव का बिगुल तमाम राजनीतिक दलों द्वारा फूंक दिया जाएगा। एक ओर जहां कांग्रेस छत्तीसगढ़ में अपने कार्यकाल का ढिंढोरा पूरे देश भर में पीट रही है, चार साल पूरा होने पर गौरव दिवस मना रही है तो वहीं भाजपा इसपर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के चार साल के कार्यकाल को छत्तीसगढ़ की बदहाली से जोड़ रही है।

भाजपा के दिग्गज आदिवासी नेता व सिहावा पूर्व विधायक श्रवण मरकाम ने प्रदेश के कांग्रेस सरकार के चार साल के कार्यकाल पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस छत्तीसगढ़ के किस विषय को लेकर गौरव दिवस मना रही है।

चार साल के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ को बदहाल कर दिया है। जिन लोकलुभावन वादों के बल कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में अपनी सरकार बनाई है। उसमे से एक भी वादा चार सालों में पूरा नहीं कर पाई है। दो वर्ष के बकाया बोनस का भुगतान लंबित है, जिसमें किसानों को कुल 3716.39 करोड़ रुपए प्राप्त होने हैं। किसानों की कर्जमाफी का वादा सिर्फ छलावा है सरकार ने सिर्फ जिला सहकारी बैंकों से लिया गया ऋ ण ही माफ किया और राष्ट्रीयकृत बैंक से लिए ऋ ण को माफ नहीं किया। घोषणापत्र के अनुसार 60 की उम्र के उपर वालों को पंद्रह सौ रुपए पेंशन देने की घोषणा की। ढेरों सपने दिखाए सब अधूरे हैं। प्रदेश के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमित नहीं किया।

शराबबंदी के नाम पर महिलाओं के साथ छल किया। प्रदेश को शराब की सबसे अधिक बिक्री करने वाला और शराब की ऑनलाइन घर पहुंच सुविधा वाला राज्य बना दिया है। महतारी सम्मान योजना, सर्व विधवा पेंशन योजना, पंजीकृत बेरोजगार युवाओं को 2500 रुपए बेरोजगारी भत्ता देने का वादा करके सरकार भूल गई है। घोषणा के अनुरूप महिला स्व-सहायता समूह का कर्ज माफ करने के बजाय पच्चीस हजार महिलाओं से रेडी टू ईट  उनका काम छीनकर प्रदेश सरकार ने प्राइवेट कंपनी को दे दिया है। गौठान योजना के नाम पर सरकार जनता को सिर्फ छल रही है, गौठान में ना चारा की व्यवथा है ना पानी की। गौमाता को सडक़ों में छोड़ दिया जाता है। गौ-वंश की तस्करी रोज बढ़ती जा रही है। छत्तीसगढ़ प्रदेश में जितने भी कार्य वर्तमान में हो रहे है वह पूर्ववर्ती भाजपा सरकार द्वारा स्वीकृत है जिस पर कांग्रेस अपना लेबल थोप रही है। यह छत्तीसगढ़ प्रदेश का दुर्भाग्य है कि यहां वनांचल क्षेत्रों में आदिवासियों व ओबीसी वर्ग को बहला फुसलाकर कर उनका धर्मांतरण व मतांतरण कर दिया जा रहा है और सरकार आंख मूंदे बैठी है निश्चित ही यह कांग्रेस सरकार के संरक्षण में हो रहा है। नक्सलियों की गतिविधि लगातार बढ़ती जा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों को मुखबिर के शक में लगातार मारा जा रहा है। अब नक्सली जंगल से निकलकर शहरों में भी पहुंच रहे है। कांग्रेसी कार्यकाल में प्रदेश में ना पर्यटन के क्षेत्रों को महत्व दिया जा रहा है और ना ही स्थानीय लोगों के रोजगार की व्यवस्था की जा रही है। आगे उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में हमारी बहन - बेटियों के साथ रोज जघन्य अपराध हो रहे हैं, दिन दहाड़े चाकूबाजी हो रही है। बीच सडक़ पर ही गोली मार दिया जाता है प्रदेश में कानून व्यवस्था शून्य है। 

छत्तीसगढ़ को कांग्रेस सरकार ने अपराध का गढ़ बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आतंक, अन्याय, अत्याचार, भ्रष्टाचार और कुशासन के चार साल पूरे हो गए है। इस अन्यायी, अत्याचारी सरकार का जाना तय है। उन्होंने कहा कि चार साल बदहाली, भ्रष्टाचार, अपराधीकरण, अन्याय, अत्याचार के रहे हैं भ्रष्ट, निरंकुश, झूठी सरकार का पतन करने प्रदेश की जनता और भाजपा तैयार है।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news