दुर्ग

खिलाडिय़ों को मिलेगा खेल का मैदान
13-Jun-2023 8:18 PM
खिलाडिय़ों को मिलेगा खेल का मैदान

जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 13 जून। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने जिले के विभिन्न स्थानों से पहुंचें लोगों से मुलाकात कर उनके मांगों एवं समस्याओं के संबंध में जानकारी लेते हुए प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक पहल करने को कहा है।

इस दौरान उन्होंने आम लोगों से प्राप्त आवेदनों पत्रों का अवलोकन कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आज जनदर्शन में 175 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें अवैध कब्जा, बंटवारा, आर्थिक सहायता, सीमांकन, स्वामी आत्मानंद स्कूल में प्रवेश हेतु, राशन कार्ड से संबंधित आवेदन शामिल है।

जनदर्शन में आज गिरधारी नगर निवासी वृद्ध महिला सोहाद्रा बाई महोबिया ने वृद्धाश्रम में निवास करने हेतु कलेक्टर से गुहार लगाते हुए आवेदन सौपा। उन्होंने बताया कि वह स्वामी विवेकानंद वार्ड में अपने बेटे के साथ निवासरत है। गत दिवस बेटे की मृत्यु होने जाने के पश्चात वह अकेली असहाय है। उनका पालन पोषण करने वाला परिवार में कोई नहीं है और न ही उनका कोई आय का स्त्रोत है। इस पर कलेक्टर ने उप संचालक समाज कल्याण विभाग को त्वरित कार्रवाई कर वृद्धाश्रम में प्रवेश दिलाने के निर्देश दिए।

ग्राम खम्हरिया निवासी वृद्ध विकलांग ने वृद्धावस्था पेंशन दिलाने कलेक्टर से मांग की। उन्होंने बताया कि वृद्ध होने के साथ-साथ पैर से विकलांग होने के कारण कार्य करने में असमर्थ है। वृद्धावस्था पेंशन उन्हें पहले केनरा बैंक से प्राप्त होता था किन्तु विगत तीन माह से अप्राप्त है। उनकों नगर निगम भिलाई में संपर्क करने को कहा गया। किंतु वहां से भी उनको कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई। इस पर कलेक्टर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उप संचालक समाज कल्याण विभाग को वृद्धा पेंशन योजना के तहत पेंशन दिलाने के निर्देश दिए।

महात्मा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुर्ग के खिलाडिय़ों ने आवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि 10 वर्षों से खेल मैदान में अभ्यास करते आ रहे हैं। खेल मैदान में लगी कुश्ती मेट एवं दीवाल को तोडक़र व्यापारियों द्वारा जबरदस्ती अतिक्रमण कर दुकान बनाया जा रहा है, जिससे खेल का मैदान छोटा हो गया है। खिलाडिय़ों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। इस पर कलेक्टर ने खेल विभाग को निरीक्षण कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

भारत माला परियोजना के तहत पुरई निवासियों ने अधिग्रहित भूमि की मुआवजा राशि की मांग की। निवासियों ने बताया कि अधिग्रहित भूमि में वर्तमान में सडक़ निर्माण का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिग्रहित भूमि का शासन द्वारा निर्धारित मुआवजा राशि प्रदाय किए जाने के लिए ध्यान आकृष्ट किया। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम दुर्ग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

प्रदेश मनरेगा मजदूर कल्याण संगठन ने मनरेगा भवन निर्माण के लिए आवेदन दिया। मनरेगा मजदूर कल्याण संगठन ने स्थाई व्यवस्था के तहत केन्द्रीय सहकारी बैंक के पीछे खाली जगह पर प्रदेश स्तर का मनरेगा भवन निर्माण के लिए आवेदन सौंपा। इस पर कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को आवश्यक पहल करने को कहा।

ग्राम नगपुरा के पूर्व पंच ने अवैध रेत का भण्डारण किए जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि जालबांधा सडक़ के पास बिना अनुमति के अवैध रूप से रेत भण्डारण किया जा रहा है। अवैध रूप से रेत का भण्डारण करने वाले व्यक्ति तथा उनके सहयोगी पर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने खनिज विभाग के अधिकारी को निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news