नारायणपुर

अमानक खाद के विरोध में भाजपा किसान मोर्चा का धरना, कलेक्टोरेट घेरा
07-Aug-2023 9:37 PM
अमानक खाद के विरोध में भाजपा किसान मोर्चा का धरना, कलेक्टोरेट घेरा

  भूपेश सरकार को अन्नदाताओं के संकट से कोई सरोकार नहीं- केदार  

  झूमा-झटकी के दौरान आधा दर्जन  घायल  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
 नारायणपुर, 7 अगस्त।
भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा नारायणपुर के द्वारा प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जिला भाजपा कार्यालय के सामने किसानों को जबरदस्ती अमानक खाद को लादने सहित किसानों से जुड़े अनेक मुद्दों को लेकर धरना प्रदर्शन के बाद रैली निकाल कलेक्टोरेट का घेराव करने निकले। हजारों की संख्या मे भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता सहित किसानों को पुलिस ने कलेक्ट्रेट से 200 मीटर पहले ही बैरिकेडिंग कर रोक लिया। 

इस दौरान किसान व कार्यकर्ता बैरिकेडिंग हटाने का प्रयास करते नजर आये और इस दौरान जमकर झूमा झटकी हुई और आधा दर्जन भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।  वहीं केदार कश्यप व दिनेश कश्यप के नेतृत्व में दर्जन भर कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुँच कलेक्टर को ज्ञापन सौंप किसानों के हित में फैसला लेने की बात कही।

घेराव से पूर्व आयोजित सभा में भाजपा प्रदेश महामंत्री व पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने भूपेश सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार पौने पांच साल में विफलता के सारे कीर्तिमान स्थापित कर चुकी है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार किसान विरोधी है, यह प्रदेश के किसानों से लगातार अन्याय कर रही है। हालात इतने खराब हैं कि प्रदेश के किसान आत्महत्या कर रहे हैं। भूपेश सरकार लगातार वादाखिलाफी विश्वासघात का नया रिकॉर्ड बनाती जा रही है। भारतीय जनता पार्टी लगातार सडक़ से सदन तक किसानों के मामले को उठाती रही है। पार्टी ने सतत् तमाम लोकतांत्रिक उपायों का सहारा लेकर किसानों की समस्याओं पर भूपेश सरकार का ध्यान आकृष्ट कराने की कोशिश करती रही है, लेकिन सत्ता के अहंकार में डूबी भूपेश  सरकार कुछ भी सुनने को तैयार नहीं है।  कांग्रेस सरकार किसानों की समस्याओं से मुंह फेर रही है। ऐसा लगता ही नहीं कि कांग्रेस सरकार को अन्नदाताओं के संकट से कोई सरोकार नहीं है। 

आगे केदार कश्यप ने कहा कि अब भूपेश सरकार किसानो को जबरदस्ती अमानक खाद को खरीदने मजबूर करने का काम कर रही है। प्रदेश मे लूट घुसखोरी और अत्याचार बढ़ गया है। विकास की बात करें तो प्रदेश मे सारे कार्य ठप्प पड़े हुए है। भूपेश सरकार सिर्फ और सिर्फ प्रदेश की जनता के साथ छलावा कर रही है। 

पूर्व बस्तर सांसद दिनेश कश्यप ने कहा कि पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल है। किसान के साथ ही आज प्रदेश का हर वर्ग इस सरकार से त्रस्त है। सरकार सिर्फ और सिर्फ जुमलेबाजी व झूठ के पुलिंदों पर टिकी है। भूपेश सरकार न प्रदेश में बेरोजगारों को रोजगार दे पा रही है न ही वादे की मुताबिक प्रदेश के समस्त बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता। चुनावी वायदे याद दिलाने व ऐसी लबरी सरकार को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। 

सभा को जिला भाजपा संगठन प्रभारी भरत मटियारा, विधानसभा प्रभारी मनोज जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष रुपसाय सलाम व भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष किरण उसेंडी ने भी सम्बोधित करते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार को किसान व जन विरोधी सरकार बताते कहा कि भूपेश सरकार गंगाजल की झूठी कसम खाकर सत्ता में आयी है। और आज सत्ता में आने के बाद अपने वादों से मुकर रही है। आने वाले 2023के विधानसभा चुनाव में इस सरकार की बिदाई तय है। सभा का सफल संचालन भाजपा नेता संजय नंदी व आभार भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रामप्रसाद कुमेटी ने किया।

इस अवसर पर भाजपा नेता बृजमोहन देवांगन, गौतम गोलछा, रतन दुबे, निर्देश दीवान, संतोष बघेल, मंगड़ू नुरेटी, शांतु दुग्गा,विजय तिवारी सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रो से हजारों की संख्या मे भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता सहित किसान उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news