राजनांदगांव

यातायात नियमों का पालन करने चलाएं जागरूकता अभियान
27-Jun-2024 3:09 PM
यातायात नियमों का पालन करने चलाएं जागरूकता अभियान

 कलेक्टर-एसपी ने संयुक्त रूप से ली बैठक, दिए आवश्यक निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 27 जून। मोहला-मानपुर-अं. चौकी कलेक्टर एस जयवर्धन एवं पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक ली। कलेक्टर ने अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों से कहा कि सडक़ दुर्घटना असमय होने वाली अत्यंत पीड़ादायक घटना होती है। दुर्घटना में घायल अथवा जान माल की क्षति होने की दशा में उस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति होती है।

कलेक्टर ने कहा कि हम सभी का सामूहिक प्रयास होनी चाहिए कि सडक़ दुर्घटना को रोकने में सामाजिक सरोकार के साथ अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी, पुलिस एवं यातायात, नेशनल हाईवे के अधिकारियों से कहा कि दुर्घटनाजन्य स्थलों एवं दुर्घटना संभावित स्थलों का चिन्हांकन कर, यहां संकेतक बोर्ड लगाया जाए।

कलेक्टर ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने के संबंध में जनजागरूकता अभियान चलाएं। दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने एवं चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट बांधने के संबंध में प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि संयुक्त टीम गठित कर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का मुआयना करें। दुर्घटना रोकने के लिए सभी संभावित प्रयास प्राथमिकता से करें।

उन्होंने कहा कि पुल-पुलिया निर्माण के दौरान दोनों छोर में संकेतक बोर्ड, स्टायपर अवश्य लगाया जाए। जिले में दोपहिया वाहन विक्रेता डीलरद्वारा वाहन खरीदारी करने वाले लोगों को हेलमेट खरीदने के लिए प्रेरित किया जाए।

उन्होंने कहा कि सडक़ किनारे पेड़ों पर रेडियम प्लेट अनिवार्य रूप से लगाया जाए। लोगों की जानमाल की सुरक्षा, सुगम यातायात सुविधा का लाभ मिले, इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई व कार्य योजना बनाया जाए।

पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह ने कहा कि जिले में जनसंख्या के अनुपात में हो रही दुर्घटना जिले के लिए चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर एक्सीडेंट शराब सेवन कर तेज गति से वाहन चलाने से हो रही है। उन्होंने कहा कि शाम 6 से रात्रि 10 बजे के बीच ज्यादातर सडक़ दुर्घटना हो रही है। सडक़ों का खस्ता हाल भी ज्यादातर सडक़ दुर्घटना होने के लिए प्रमुख कारण बनती है। उन्होंने कहा कि जन जागरूकता अभियान चलाया जाकर लोगों को शराब सेवन कर गाड़ी नहीं चलाने का संदेश देवें।

उन्होंने कहा कि संयुक्त अभियान चलाकर रात्रिकालीन मुआयना करें।

मिलेगी सहायता राशि

कलेक्टर जयवर्धन एवं पुलिस अधीक्षक सिंह ने जिला कार्यालय के सभा कक्ष में हिट एंड रन से संबंधित अधिकारी एवं समिति के सदस्यों की बैठक ली। बैठक में बताया गया कि कई मामलों में सडक़ दुर्घटना हो जाने की दशा में दुर्घटना से घायल एवं प्रभावित व्यक्ति को छोडक़र संबंधित वाहन चालक फरार हो जाता है। इस दशा में सडक़ दुर्घटना में घायल अथवा मृत्यु हो जाने के की दशा में संबंधित व्यक्ति को आर्थिक सहायता राशि दिए जाने का प्रावधान किया गया है। इसके लिए विशेष प्रावधान किया गया है। निर्धारित प्रावधान के अनुसार घायल अथवा मृत्यु हो जाने की दशा में परिजनों को संबंधित थाना में इसकी सूचना देनी होगी। हिट एंड रन के मामले में सडक़ दुर्घटना में घायल व्यक्ति को 50 हजार एवं मृत्यु हो जाने की दशा में 2 लाख प्रतिकार राशि दिए जाने का प्रावधान है। शासन द्वारा तय बीमा एजेंसी द्वारा यह प्रतिकार राशि प्रदाय किया जाएगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news