सामान्य ज्ञान

कैनेडा
06-Jul-2021 1:02 PM
कैनेडा

कैनेडा या कनाडा, कभी ब्रिटेन का हिस्सा हुआ करता था। 1 जुलाई सन 1867 ईसवी को कैनेडा को ब्रिटेन से स्वतंत्रता मिली। 
15 वीं शताब्दी ईसवी के अंत में कैनेडा की खोज हुई और उस समय से लगभग दो शताब्दियों तक फ्रांस और ब्रिटेन ने इस देश पर अधिकार के लिए आपस में कड़ी प्रतिस्पर्धा की। जिसके परिणाम स्वरूप इन दोनों साम्राज्यवादी देशों के बीच सन 1689 ईसवी में युद्ध आरंभ हुए जो 75 वर्ष तक जारी रहे और अंतत: फ्रांस को पराजय हुई। 19वीं शताब्दी ईसवी के आरंभ से कैनेडा में धीरे-धीरे स्वतंत्रता प्रेमी आंदोलन आरंभ हुआ। और सन 1867 ईसवी में इस देश को स्वतंत्रता मिल गयी। 
कैनेडा का क्षेत्रफल लगभग एक करोड़ वर्ग किलोमीटर है और इस दृष्टि से यह विश्व का (रूस के बाद) दूसरा बड़ा देश है। यह देश तीन महासागरों से घिरा हुआ है इसकी ज़मीनी सीमा केवल अमरीका से मिलती है।  
कनाडा की राजधानी ओटावा है। ओटावा के अतिरिक्त यहां के प्रमुख नगरों में टोरंटो, मॉनट्रियल, वैंकूवर और केलगैरी इत्यादि शामिल हैं। अधिकांश कैनेडियन लोग इसाई धर्म का पालन करते हैं। कैनेडा का आधे से अधिक भाग वनों से ढंका हुआ है और सात प्रतिशत से अधिक भाग में मीठे पानी की नदियां या झीलें हैं। प्राकृतिक संपदाओं से समृद्ध यह देश 20वीं सदी तक कृषि-प्रधान देश माना जाता था परंतु अब यह बड़े औद्योगिक देशों में गिना जाता है। विश्व प्रसिद्ध नियागरा फॉल भी इसी देश में हैं। कनाडा की मुद्रा कैनेडियन डॉलर है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news