सामान्य ज्ञान

नेपाल की जीवित देवी
11-Dec-2020 12:50 PM
नेपाल की जीवित देवी

नेपाल के लोग जीवित देवियो को पूजते हैं जिन्हें कुमारी देवी कहा जाता है। इन देवी को वे महाकाली का स्वरूप मानते हैं और जब तक ये जवान नहीं हो जातीं,  तब तक ये कुमारी देवी की पदवी पर रहती हैं और उसके बाद कोई अन्य बालिका कुमारी देवी बनाई जाती है। 
नेपाल के लोगों का मानना है कि ये जीवित देवियां आपदा के समय उनकी रक्षा करती हैं। इस मान्यता की शुरुआत 17वीं शताब्दी के आरंभ में ही हो गई थी। तब से लेकर अब तक नेपाल निवासी छोटी बच्चियों को देवी का रूप मानकर उन्हें मंदिरों में रखकर उनकी पूजा करते हैं। उन्हें समाज और अपने परिवारों से अलग रहना पड़ता है। नेपाल के लोगों की जीवित देवी या कुमारी देवी शाक्य या वज्रचार्य जाति से संबंध रखती हैं, इन्हें नेपाल के नेवारी समुदाय द्वारा पहचाना जाता है। नेपाल में करीब 11 कुमारी देवियां होती हैं जिनमें से रॉयल गॉडेस या कुमारी देवी को सबसे प्रमुख माना गया है। शाक्य और वज्राचार्य जाति की बच्चियों को 3 वर्ष का होते ही अपने परिवार से अलग कर दिया जाता है और उन्हें ‘कुमारी’ नाम दे दिया जाता है। इसके पश्चात 32 स्तरों पर उनकी परीक्षाएं होती हैं। इन सभी बच्चियों को ‘अविनाशी’ अर्थात जिसका अंत नहीं हो सकता, कहा जाता है। जिस तरह बौद्ध धर्म के लोग अपने लामा को चुनते हैं, उसी तरह  नेपाल की कुमारी देवी का चयन होता है। उनके भीतर कुछ ऐसे लक्षण देखे जाते हैं जो उनके कुमारी देवी बनने की एक कसौटी होते हैं। इसमें उनकी जन्म कुंडली में मौजूद ग्रह-नक्षत्र भी बड़ी भूमिका निभाते हैं। उनके समक्ष भैंस के कटे सिर को रखा जाता है, इसके अलावा राक्षस का मुखौटा पहने पुरुष वहां नृत्य करते हैं। कोई भी साधारण बच्ची उस दृश्य को देखकर भयभीत हो जाएगी, लेकिन जो भी बच्ची बिना किसी डर के वहां रहती है, उसे मां काली का अवतार मानकर कुमारी देवी बनाया जाता है। 
कुमारी देवी बनने के बाद उन्हें कुमारी घर में रखा जाता है, जहां रहकर वे अपना ज्यादातर समय पढ़ाई और धार्मिक कार्यों में बिताती हैं। वह केवल त्यौहार के समय ही घर से बाहर निकल सकती हैं लेकिन उनके पांव जमीन पर नहीं पडऩे चाहिए। ‘कुमारी देवी’ की पदवी उनसे तब छीन ली जाती है जब वे जवान हो जाती हैं या फिर किसी अन्य वजह से उनके शरीर से रक्त बहने लगे या फिर मामूली सी खरोंच ही क्यों ना पड़ जाए। कुमारी देवी की पदवी से हटने के बाद उन्हें आजीवन पेंशन तो मिलती है लेकिन नेपाली मान्यताओं के अनुसार यह कहा जाता है कि जो भी पुरुष पूर्व कुमारी देवी से विवाह करता है, उसकी मृत्यु कम उम्र में हो जाती है। इसलिए कोई भी पुरुष उनसे विवाह करने के लिए तैयार नहीं होता, जिस कारण उनमें से अधिकांश आजीवन कुंवारी रह जाती हैं। 
 शाक्य वंश के लोग इन कुमारी देवियों की सुरक्षा का जिम्मा संभालते हैं।   जिस आवास में ये कुमारी देवियां रहती हैं, नेपाल के लोगों के लिए वह स्थान बेहद पवित्र हो जाता है। वर्तमान समय में मतीना शाक्य को दुर्गा का अवतार मानकर नेपाल की कुमारी देवी के नाम से पूजा जाता है। पूरा नेपाल इन्हें देवी के स्वरूप में पूजता है। 
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news