सामान्य ज्ञान

सिंचाई की नई विधि रेनगन
24-Dec-2020 12:58 PM
सिंचाई की नई विधि रेनगन

खेतों में सिंचाई के लिए ‘‘बूंद-बूंद’’ और ‘‘फौव्वारा तकनीक’’ के बाद अब रेनगन आ गई है जो 20 से 60 मीटर की दूरी तक प्राकृतिक बरसात की तरह सिंचाई करती है। इसमें कम पानी से अधिक क्षेत्रफल को सींचा जा सकता है। सब्जी तथा दलहन फसलों के लिए यह माइक्रो स्प्रिंकलर सेट बहुत उपयोगी है, इससे ढाई मीटर के व्यास में बरसात जैसी बूंदों से सिंचाई होती है।
 20, 40 और 60 मीटर प्रसार क्षमता वाली रेनगन, फसलों की सिंचाई का नवीनतम साधन है। इसे एक स्टैंड के सहारे 45 से 180 डिग्री के कोण पर खेत की सिंचाई वाले भाग में खड़ा कर दिया जाता है। इसका दूसरा सिरा पंपसेट की पानी आपूर्ति करने वाली पाइप से जुड़ा होता है। रेनगन में पानी का दबाव बढ़ते ही इसके ऊपरी भाग में लगे फौव्वारे से सौ फीट की परिधि में चारों ओर वर्षा की बूंदों की तरह पानी निकालकर फसल की सिंचाई करता है। सिंचाई के अन्य साधनों की अपेक्षा इसके माध्यम से आधे से भी कम समय एवं पानी से खेत की सिंचाई संभव है। समय कम लगने से डीजल और बिजली की भी बचत होती है। तीन इंच के एक सबर्मसिबल पंप से तीन रेनगन एक साथ चलाई जा सकती है। 1 हेक्टेयर में रेनगन लगाने का खर्च क्षमता के अनुसार 20 से 30 हजार रुपए तक बैठता है जिसमें केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर 50 से 80 प्रतिशत तक का अनुदान देती हैं। जिसे प्राप्त करने के लिए किसान अपनी भूमि के भू-स्वामित्व प्रमाण-पत्र, पहचान-पत्र के साथ उद्यान या कृषि विभाग से संपर्क कर सकते हैं।


काम करने की स्वतंत्रता
किसी भी स्वतंत्र देश के नागरिक को यह अधिकार है कि वह अपनी आजीविका अर्जित करने के लिए कहीं भी कोई काम करे। हां, यह बंधन अवश्य रखा जाता है कि उसके इस कार्य से किसी व्यक्ति या समाज का अहित न हो। भारत के संविधान में भी देश के नागरिकों को यह अधिकार दिया गया है।
कुछ मामलों में आगे चलकर इस पर कुछ न्यायिक प्रतिबंध लगे हैं। इसी से काम करने के अधिकार का प्रश्र भी जुड़ा है। हमारे संविधान के नीति-निर्देशक तत्वों ने शासन से ऐसी स्थिति उत्पन्न करने की अपेक्षा की गई है, जिसमें प्रत्येक नर-नारी को जीविका के पर्याप्त साधन उपलब्ध हों। परंतु काम के इस अधिकार को, अधिकार के रूप में कुछ साम्यवादी देशों को छोडक़र अन्यत्र संवैधानिक स्वीकृति नहीं मिली है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news