सामान्य ज्ञान
कांगो नदी जिसे जेयरे नदी के नाम से भी जाना जाता है अफ्रीका की एक प्रमुख नदी है। 4 हजार 700 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह नदी पश्चिम मध्य अफ्रीका की सबसे विशाल और नील नदी के बाद अफ्ऱीका की सबसे लम्बी नदी है।
कांगो नदी विश्व की समस्त नदियों में, दक्षिणी अमरीका की ऐमेंजऩ को छोडक़र सबसे अधिक लंबी है। इसकी संपूर्ण लंबाई 2 हजार 900 मील है। इसका प्रवाह क्षेत्र 14 लाख 25 हजार वर्ग मील है। नदी अपने मुहाने पर सात मील चौड़ा रूप धारण कर समुद्र में गिरती है। यह समुद्र में प्रति सेकेंड 20 लाख घन फुट कीचड़ युक्त पानी गिराती है जो संपूर्ण मिसिसिपि के औसत तक चौगुना है। इसका कीचड़ युक्त पानी समुद्री किनारे से 100 मील दूर तक तथा 4 हजार फुट की गहराई तक समुद्री जल से अलग रूप में स्पष्ट नजर आता है।
यह नदी मध्य अफ्रीका के 4 हजार 650 फुट की ऊंचाई से निकलकर पश्चिम दिशा में 2 हजार 900 मील की यात्रा समाप्त करके समुद्र में गिरती हैं। अपने यात्रापथ में यह भारतवर्ष की गंगा नदी की तरह कई नामों से पुकारी जाती है, जैसे कि उत्तरी रोडेशिया में यह चंबेज़ी तदुपरांत लूआ पूला नाम से विख्यात है। यह नदी 200 फुट की ऊंचाई से गिरकर स्टैनली जलप्रपात का सृजन करती है। इसके बाद यह बहुत बड़ी नदी का रूप धारण कर लेती है जो 980 मील चंद्राकार रूप में बहती हुई भूमध्य रेखा को दो बार आर-पार करती है।
इसकी सहायक नदियों में कसाई तथा उंबागी विशेष उल्लेखनीय हैं। इस नदी में 4 हजार लघु द्वीप हैं। इसमें छोटी-छोटी वाष्पचालित नौकाएं भी चलाई जाती हैं। इसका निचला जलप्रवाह 28 स्थलों पर विघटित होकर जलशक्ति उत्पादक स्थानों का सृजन करता है। यहां पर शिकार खेलने योग्य भयंकर जंगली जानवर पाए जाते हैं क्योंकि इस नदी का अधिकांश मार्ग घने तथा अभेद्य जंगलों से घिरा हुआ है। इसमें सैकड़ों जातियों की मछलियां मिलती हैं तथा तटीय प्रदेश में दुर्लभ कीड़े मकोड़ों की प्राप्ति होती है।
भूगर्भीय तत्वों के आधार पर यह स्पष्ट ज्ञात होता है कि यह नदी सुदूर भूत काल में उत्तर की ओर, जहां पर इस समय उजाड़ सहारा रेगिस्तान है, बहती थी। नदी का वर्तमान मुहाना नवीन प्रतीत होता है। दीर्घ काल तक यह नदी यात्रियों के लिए पहेली बनी रही। सर्वप्रथम इसके मुहाने पर सन 1482 ई. में डायगोकाओ नामक पुर्तगाली यात्री का आगमन हुआ तथा उसने यहाँ पर एक स्तंभ (पडराओ) खड़ा किया। तब से इस नदी की रीओ डी पडराओ के नाम से पुकारा जाने लगा। कालांतर में पुर्तगाली अन्वेषकों ने इसको ज़ैर नाम प्रदान किया। अंतिम तथा विश्वविख्यात नाम कांगो पड़ा।