धमतरी

न्याय योजना की राशि मिलने से किसान भाइयों की खुशी दुगुनी हुई - डॉ.लक्ष्मी
03-Nov-2021 4:36 PM
न्याय योजना की राशि मिलने से किसान भाइयों की खुशी दुगुनी हुई - डॉ.लक्ष्मी

सिहावा विधायक ने क्षेत्रवासियों को दीपावली की बधाई दी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी,  3 नवंबर।
मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं सिहावा विधायक डॉ.लक्ष्मी ध्रुव एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य लखन लाल ध्रुव ने ‘छत्तीसगढ़’ के माध्यम से प्रदेश एवं सिहावा विधानसभा क्षेत्रवासियों को दीपों के पर्व दीपावली की बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

उन्होंने चर्चा में बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 1 नवंबर को अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राजीव गांधी किसान न्याय योजना और गोधन न्याय योजना के अंतर्गत राज्य के ग्रामीण किसान भाइयों को 1510 करोड़ 81 लाख रुपए की राशि का ऑनलाइन भुगतान किया।

इस राशि में राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीसरी किश्त की राशि 1500 करोड़ रुपए तथा गोधन न्याय योजना के तहत गोबर विक्रेताओं, गौठान समितियों एवं महिला स्व सहायता समूहों को दी जाने वाली लाभांश की राशि 10 करोड़ 81 लाख रुपए शामिल है। दीपावली और धनतेरस पर्व से ठीक पहले राज्य के 21 लाख ग्रामीण किसान भाइयों के खाते में राशि पहुंचने से उनके त्यौहार की खुशियां दोगुनी हो गई है।

विधायक ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सभी तीज - त्योहारों को पारंपरिक ढंग से मनाया जाता है। दीपावली का पावन पर्व धनतेरस से भाई दूज 5 दिनों तक पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। मैं इस दीपावली पर प्रदेश एवं सिहावा क्षेत्रवासियों की सुख - शांति, खुशहाली एवं समृद्धि की कामना करती हूं।

प्रदेश में जब से भूपेश बघेल की सरकार बनी है तब से छत्तीसगढ़ के तीज-त्यौहार का मान बढ़ा है। प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ की लोककला और संस्कृति को सहेजने की दिशा में लगातार काम कर रही है। छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की लुप्तप्राय विधियों को जीवंत रखने के लिए छत्तीसगढ़ के सभी जिला मुख्यालयों में गढक़लेवा खोलने का काम प्रदेश की भूपेश सरकार ने किया है।

छत्तीसगढ़ में दिवाली के पूर्व से बालिकाओं एवं महिलाओं की टोली सुवा नृत्य करती हुई दिखती है जो इस पर्व की विशेष परंपरा है। मां लक्ष्मी पूजा को सुरहुती तिहार के रूप में मनाया जाता है। सुरहुती के रात्रि को गौरी-गौरा विवाह ग्रामीण व शहरी अंचल में गौरा चौरा के पास संपन्न होता है। गौरी-गौरा विसर्जन के उपरांत गोवर्धन पूजा किया जाता है जिसमें गाय-बैल को नए चांवल से तैयार खिचड़ी खिलाया जाता है।

विधायक डॉ. ध्रुव ने आगे कहा कि प्रदेश सरकार गौठानों और गोधन के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से गोवर्धन पूजा के दिन को गौठान दिवस के रूप में मना रही हैं। गोवर्धन पूजा के दिन यदुवंशियों द्वारा राउत नृत्य कर गाय- बैल को सुहाई बांधा जाता है।

प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल ने गोधन न्याय योजना की शुरुवात कर किसानों एवं पशुपालकों के जीवन में खुशहाली लाई है। ग्रामीणों अंचल में गौठानों का निर्माण कर पशुओं के सुरक्षा एवं उनके चारा-पानी की व्यवस्था की है। गौठानों में गोबर की सरकारी खरीदी कर खरीदे गए गोबर से खाद तैयार करने का काम स्वसहायता समूह की महिलाएं द्वारा किया जा रहा है।

दिवाली के 5वें दिन भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक भाई दूज का पर्व मनाया जाता है, जिसमें बहनें अपने भाई के लंबे उम्र के लिए व्रत रखती है।
भाई दूज के दिन ही गांवों में मातर मड़ाई का आयोजन भी किया जाता है।
विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव ने सुरक्षित, सौहार्दपूर्ण और पर्यावरण के अनुकूल त्यौहार मनाने के साथ ही कोविड-19 के दिशा निर्देशों का पालन करने अपील की है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news