धमतरी

गंगरेल के रिसॉर्ट में जुटे भाजपा नेता और पदाधिकारी, कोर ग्रुप में सत्ता में वापसी की बनी रणनीति
07-Oct-2022 3:00 PM
गंगरेल के रिसॉर्ट में जुटे भाजपा नेता और पदाधिकारी, कोर ग्रुप में सत्ता में वापसी की बनी रणनीति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 7 अक्टूबर।
मिशन 2023 की तैयारी का आगाज भाजपा ने शुरू कर दिया। गंगरेल बांध के रिसोर्ट में देश और प्रदेश के प्रमुख पदाधिकारियों की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ के सभी 90 सीटों को जीतने के लिए खाका तैयार किया गया। इसमें कुछ सांसद और विधायकों से भी राय-मशविरा किया गया।

गुरुवार को धमतरी जिला मुख्यालय से करीब 10 किमी दूर प्रदेश के सबसे बड़े गंगरेल बांध के रिसॉर्ट में भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक हुई, जिसमें आला नेताओं की उपस्थिति में घंटों रायशुमारी की गई। करीब 6 बजे तक चली इस मैराथन बैठक में राष्ट्रीय संगठन शिवप्रताप सिंह से लेकर प्रदेश संगठन के 31 नेता शामिल थे। इसमें 10 सांसद और 12 विधायक भी शामिल रहे। भाजपा कोर ग्रुप और योजना समिति की बैठक में राष्ट्रीय संगठन मंत्री शिव प्रताप सिंह, प्रदेश संगठन प्रभारी अजय जामवाल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, प्रदेश संगठन सह प्रभारी नितीन नवीन, केन्द्रीय मंत्री रेणुका सिंह, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, विष्णु देव साय, संगठन प्रभारी पवन देव साय, धरमलाल कौशिक, सरोज पांडेय, रामविचार नेताम, पुन्नूलाल मोहिले, शिवरतन शर्मा, बृजमोहन अग्रवाल, गौरीशंकर अग्रवाल, केदार कश्यप, अजय चन्द्राकर, नवीन मारकंडेय, किरण देव, ओपी चौधरी, पिंकी शाह, रंजना साहू, विकास शर्मा शामिल रहे। इनके बीच जिला और संभाग स्तर पर एक-एक सीटों में पार्टी की हालात को लेकर विस्तृत चर्चा की।

अब होगा बड़ा बदलाव
पिछले कुछ महीने से क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल छत्तीसगढ़ भाजपा में बड़े बदलाव करने के लिए चर्चा में आए। प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष जैसे चेहरों को बदला गया। प्रदेश महामंत्री, मीडिया विभाग, भाजयुमो जैसे घटकों में भी नए चेहरों को जिम्मेदारी दी गई। अब इस बैठक के बाद भी प्रदेश भाजपा में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। जल्द ही प्रदेश के करीब 22 जिलों में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष बदल दिए जाएंगे। नए चेहरों को मौका दिया जाएगा। इसका ऐलान भी जल्द किया जाएगा।

इस वजह से बैठक रहा गोपनीय
भाजपा के तरफ से आमतौर इस तरह की बड़ी बैठकों की जानकारी सार्वजनिक की जाती है। इस बैठक को लेकर किसी भी तरह की जानकारी आधिकारिक तौर पर नहीं दी गई है। यहां तक की बैठक की तस्वीरें भी लेने से मीडिया को मनाही रही।

इन मुद्दों पर चर्चा
गंगरेल रिसोर्ट में हुई बैठक में शराबबंदी, धर्मांतरण, आदिवासी आरक्षण, बिगड़ती कानून व्यवस्था, रोजगार जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इन्हीं मुद्दों पर आगामी चुनाव में भाजपा कांग्रेस को घेरने का काम करेंगी। इस बैठक में आए नेताओं को अलग-अलग मुद्दों और कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाने की जिम्मेदारी भी दी गई। ताकि आने वाले चुनाव में भाजपा को इसका फायदा मिल सके।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news