बालोद

दल से बिछड़ा हाथी बालोद शहर में घुसा
04-Jul-2023 2:32 PM
दल से बिछड़ा हाथी बालोद शहर में घुसा

पुलिस कार्यालय में पहुंचा, जान हथेली पर रख पुलिस कर्मियों ने गुजारा समय 

गांवों में अलर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बालोद, 4 जुलाई।
बालोद शहर में दल से बिछड़ा एक हाथी कल रात को घुस गया। तांदुला जलाशय की ओर से प्रवेश करते हुए यह हाथी जिला पुलिस कंट्रोल रूम एवं साइबर सेल के दफ्तर में भी घुस गया। पुलिस कर्मचारी अपने-अपने कार्यालय में शांत बैठे रहे, हाथी के बाहर निकलने का इंतजार करते रहे। हाथी की वर्तमान लोकेशन वन परिक्षेत्र लोहारा बताया जा रहा है, जिसको लेकर आसपास के गांवों को अलर्ट कर दिया गया है।

पुलिस कंट्रोल रूम से निकलने के बाद हाथी बालोद शहर के अंतिम छोर में चला गया और शहर की गलियों में यहां हाथी भ्रमण करने लगा। कई लोगों ने इस कमरे में कैद भी किया है। लोगों में भय का माहौल बना रहा और पुलिस पेट्रोलिंग के साथ-साथ वन विभाग का अमला भी हाथी के निकलने का इंतजार करता रहा। रात भर पूरे शहर में हडक़ंप मचा रहा। लोगों को इस बात का भय सता रहा था कि यह हाथी शहर के निचले इलाकों में होने के साथ-साथ शहर के मध्य क्षेत्र में प्रवेश न कर जाए।

हाथी की वर्तमान लोकेशन 
दंतैल हाथी की वर्तमान लोकेशन कक्ष क्रमांक 288 आर एफ परिसर जाटादाह सहायक वृत्त गैंजी परिक्षेत्र लोहारा बताया जा रहा है, जिसको लेकर ग्राम बैहाकुआ जाटादाह शिवनी पोपलाटोला सहगांव गैंजी भालूकोंहा कामता ऊरेटा गुरामी भरदा पिंगाल मरईटोला बोईरडीह को अलर्ट पर रखा गया है, वहीं वन विभाग की टीम भी लगातार पेट्रोलिंग कर रही है।

तेजी से जगह बदल रहा हाथी
बीती रात पहली बार हाथी ने जिला मुख्यालय में दस्तक दी तो लोगों के होश उड़ गए। दरअसल बालोद शहर एक छोटा शहर है और यहां पर हाथी आसानी से पूरे शहर के बीचों-बीच भ्रमण कर सकता है और बड़ी नुकसान पहुंचा सकता हैष वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार हाथी तेजी से भ्रमण कर रहा है और यह एक जगह नहीं ठहर रहा है।

घंटे भर तक सक्रिय रहा हाथी
ज्ञात हो कि बीती रात को 9 से लगभग 10.30 बजे तक हाथी सक्रिय रहा। सबसे पहले आमापारा के लोक निर्माण विभाग के क्वार्टर और पुलिस कंट्रोल रूम और साइबर सेल जैसे जगह पर उसने दस्तक दी। जिसके बाद मुख्य मार्ग होते हुए वह लोहारा परिक्षेत्र में प्रवेश कर लिया है।

दोनों गेट बंद कर जान हथेली में रख काटा समय
साइबर सेल एवं पुलिस कंट्रोल रूम के कर्मचारियों ने बताया कि सबसे पहले साइबर सेल के सहायक उप निरीक्षक धरम भुआर्य ने हाथी को देखा। इसके बाद उसने दौडक़र अन्य लोगों किसकी जानकारी दी। समय रहते आधे कर्मचारी कार्यालय को छोडक़र निकलने में सफल हुए, वहीं 15 से 20 कर्मचारी साइबर सेल के अंदर ही फंसे रहे। इसके बाद दोनों तरफ के चैनल गेट को बंद करके एक कमरे में बिना आवाज दिए जान हथेली पर रखकर पुलिस कर्मचारियों ने यह समय बिताया।

पास में कलेक्टर बंगला

जिस साइबर सेल और पुलिस कंट्रोल रूम में हाथी ने प्रवेश किया था, उसके बाजू में ही कलेक्टर कुलदीप शर्मा का बंगला भी है। बताया जाता है कि प्रशासन द्वारा बंगले की सुरक्षा भी रात में बढ़ा दी गई थी। पूरा प्रशासनिक अमला पुलिस विभाग और वन अमला हाथी को शहर से खदेडऩे में जुटा रहा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news