बेमेतरा

भाजपा कार्यकर्ताओं पर अभद्रता के आरोप झूठे, शांतिपूर्ण ढंग से किया प्रदर्शन-राजेन्द्र
07-Sep-2023 2:39 PM
भाजपा कार्यकर्ताओं पर अभद्रता के आरोप झूठे, शांतिपूर्ण ढंग से किया प्रदर्शन-राजेन्द्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 7 सितंबर।
राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने बेमेतरा में सडक़ एवं विभिन्न निर्माण कार्य में हो रहे भ्रष्टाचार, गुणवत्ताविहीन कार्य, लागत से ज्यादा स्टीमेट बनाना, प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत गांवों में गरीबों को मकान नहीं मिलना, बिजली कटौती, बिजली बिल में अपार वृद्धि, मुरूम का अवैध खनन, नगर पालिका में मीठे पानी की आपूर्ति ना करने जैसे स्थानीय मुद्दों को लेकर विधायक कार्यालय का घेराव किया गया था। बेमेतरा के कांग्रेस विधायक ने अपने सोशल मिडिया के वीडियो में भाजपा के आरोप भ्रष्टाचार एवं अन्य स्थानीय जनता से जुड़े मुद्दों पर कुछ नहीं बोले। इससे यह साबित होता है कि कहीं ना कहीं उनका संरक्षण भ्रष्टाचारियों पर है।

राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण एवं प्रजातांत्रिक अधिकारों के तहत हुआ था। भाजपा कार्यकर्ता ने केवल नारेबाजी की है। किसी भी कार्यकर्ता ने अश्लील गाली-गलौच नही की है। कांग्रेस के कार्यकर्ता घेराव के दौरान विधायक कार्यालय से निकलकर योजनाबद्ध तरीके से भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकाते हुए, उन्हे गाली-गलौच कर उकसाते नजर आए। जो कि प्रजातंत्र में उचित नहीं है। प्रेस वर्ता में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, शहर मण्डल अध्यक्ष मोन्टी साहू, मीडिया प्रभारी निशा चौबे, धर्मेन्द्र साहू,गोपी देवांगन उपस्थित थे।

भाजपा के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का श्रेय ले रही कांग्रेस 

राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि बेमेतरा विधायक भाजपा के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का श्रेय लेने में लगे हुए हैं, जो निंदनीय है। बेमेतरा नगर पालिका में चौक-चौराहों का नामकरण भाजपा के कार्यकल में हुआ है। विधानसभा में जितने भी बड़े कार्य जैसे कि शासकीय कन्या महाविद्यालय, पीजी कॉलेज का विस्तार, बेमेतरा का 100 बिस्तर का शासकीय अस्पताल, स्टेडियम, टाऊन हॉल, कलेक्टोरेट बिल्डिंग, बेरला का पालिटेक्निक कॉलेज, बेमेतरा-बेरला का बाईपास, नवोदय विद्यालय, गांव-गांव में पक्की सडक़ पहुंच मार्ग, मुख्यमंत्री ग्राम गौरवपथ योजना से अनेकों गावो में सीमेंटीकरण का कार्य हुए है। कांग्रेसी विधायक का यह कहना कि भाजपा सरकार के 15 साल के कार्यकाल में कुछ विकास कार्य नहीं हुआ। यह उनकी बौखलाहट को दर्शाता है।

भाजपा कार्यकर्ताओं पर विधायक कार्यालय घेराव के दरम्यान अश्लील गाली-गलौच एवं गुंडागर्दी का आरोप झूठा है। भाजपा का विधानसभा स्तर पर विधायक कार्यालय का घेराव पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार को लेकर किया जा रहा है। बेमेतरा विधानसभा में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्थानीय मुद्दों को लेकर विधायक कार्यालय का घेराव किया था। उक्त बातें पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहीं।

राजनीतिक मुद्दों को व्यक्तिगत बनाकर सहानुभूति लेना चाहते हैं विधायक

राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि राजनीतिक मुद्दों को विधायक व्यक्तिगत मुद्दा बनाकर जनता से सहानुभूति बटोरना चाहते है, जबकि भाजपा की लड़ाई व्यक्तिगत नहीं बल्कि विचारधारा और भ्रष्टाचार की है। कांग्रेस नेता पुलिस थाने में रिपोर्ट लिखाकर विपक्षी कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाना चाहते हैं। पुलिस का सहारा लेकर विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कांग्रेस के द्वारा किया जा रहा है। बेमेतरा के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ कि विपक्ष की आवाज को पुलिस के द्वारा दबाया गया हो। भाजपा कार्यकर्ता किसी भी प्रकार के दबाव से डरने वाले नहीं है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news