धमतरी

नम आंखों से जवान को दी अंतिम विदाई
12-Dec-2023 4:19 PM
नम आंखों से जवान को दी अंतिम विदाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
कुरुद, 12 दिसंबर।
थलसेना के जवान चोवाराम सेन का अंतिम संस्कार उनके गृह ग्राम सारंगपुरी में सैनिक सम्मान के साथ किया गया। उनके 8 वर्षीय बेटे ने पिता को मुखाग्नि दी। सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से जवान को अंतिम विदाई दी।

इसके पूर्व मंगलवार सुबह जिला अस्पताल धमतरी से जवान चोवाराम सेन की पार्थिव देह को खुले वाहन में रख श्रद्धाजंलि यात्रा निकाली गई। विधायक ओंकार साहू सहित भाजपा कांग्रेस के नेता एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उनको अंतिम विदाई दी। 

ज्ञात हो कि ग्राम सारंगपुरी निवासी रामबगस सेन के पुत्र चोवाराम सेन की ड्यूटी के दौरान स्वास्थ्य खराब होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था, 10 दिसम्बर को उनका निधन हो गया।

सोमवार को उनके पार्थिव शरीर को धमतरी लाया गया था। उनकी श्रद्धाजंलि यात्रा में धमतरी सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह फूल बरसा कर श्रद्धांजलि दी गई। 
अंतिम यात्रा में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मोटर सायकल रैली में शामिल हुए। सैकड़ों लोग तिरंगा झण्डा लेकर जवान को विदाई देने पहुंचे थे।

सारंगपुरी में महानदी किनारे स्कूल के पास फौजी अफसर सुखपाल सिंह, नरोत्तम गर्ग की देखरेख में उनकी चिता सजाई गई, गार्ड ऑफ ऑनर के बाद पुष्प चक्र अर्पित किया गया। उनके 8 वर्षीय पुत्र कृष कुमार सेन ने मुखाग्नि दी। 

जवान चोवाराम सेन को अंतिम विदाई देने नायब तहसीलदार, पुलिस अधिकारी, पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा, रंजना साहू, कवीता बाबर, सरपंच पदमा सोनकर, उपसरपंच हनीफ खां, सेन समाज के पुरषोत्तम सेन, धनसिह सेन सहित हजारों की भीड़ उमड़ी। सभी ने नम आंखों से गांव के बेटे और सेना के जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news