धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 7 जनवरी। बस्तर एवं दुर्ग जिला के प्रवास पर राजधानी से निकले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कुरुद के पड़ोसी ब्लॉक मगरलोड के ग्राम परसवानी पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोदी गारंटी को एक एक करके जल्द ही लागू करने का भरोसा दिलाया।
शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे सडक़ मार्ग से कुरुद होते हुए सीएम महानदी के उस पार बसे परसवानी में अपने बेटी के ससुराल में आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल हुए। पहली बार गांव आए मुख्यमंत्री का आदिवासी नृत्य के साथ जोशीला स्वागत किया गया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सीएम साय ने बताया कि भाजपा के संकल्प पत्र में शामिल मोदी की गारंटी को एक-एक करके जल्द ही लागू किया जाएगा। इसकी शुरुआत लंबित बोनस वितरण, पीएम आवास, 21 क्विंटल धान खरीदी से हो चुकी है, शेष वायदे पूरे करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है, जल्द ही इसका परिणाम सामने आएंगे। पंचायत प्रतिनिधियों ने गांव में व्याप्त समस्या गिनाते हुए मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपा।
इस मौके पर सिहावा पूर्व विधायक पिंकी शाह, श्रवण मरकाम, कुरुद के भाजपा नेता भानु चंद्राकर सहित क्षेत्रीय पार्टी नेता, कार्यकर्ता एवं जिला प्रशासन के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।