बेमेतरा

धान बेचने 7,570 टोकन जारी, बारिश के कारण 851 किसानों से 25 हजार क्विंटल की खरीदी
19-Jan-2024 3:53 PM
धान बेचने 7,570 टोकन जारी, बारिश के कारण 851 किसानों से 25 हजार क्विंटल की खरीदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 19 जनवरी।
जिले में गुरुवार को 101 धान खरीदी केंद्रों में बारिश की वजह से धान खरीदी नहीं हो पाई। जिले में गुरुवार को 7570 टोकन से 2 लाख 56 हजार क्विंटल धान खरीदा जाना था, जिसमें से बमुुश्किल केवल 28 धान खरीदी केन्द्रों में 851 किसानों से 25 हजार क्विंटल धान खरीदी की गई। जिले के बेमेतरा, नवागढ़ व साजा के अधिकांश धान खरीदी केन्द्रों में धान बेचने के लिए पहुंचे किसानों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा।

केंद्रों में धान को भीगने से बचाने कैप कवर व तिरपाल से ढंका गया  
फड़ गीला होने के कारण शुक्रवार को भी धान खरीदी बंद रहने की आशंका है। धान खरीदी के लिए कुछ ही दिन बाकी हैं, जिसे देखते हुए किसान समय रहते टोकन कटवा कर अपना धान बेचने के फि राक में हैं। किसानों की उम्मीद पर बुधवार रात में हुई बारिश ने खलल पैैदा कर दिया। गुरुवार को सुबह 11 बजे तक बेमेतरा ब्लॉक, नवागढ़ एवं साजा के अधिंकाश इलाकों में बारिश हुई, जिसके कारण केन्द्रों में रखे गए धान को कैप कवर से सुरक्षित किया गया। साथ ही किसानों को बारिश की वजह से धान खरीदी बंद होने की सूचना जारी की गई, तब तक धान बेचने के लिए टोकन कटवा चुके किसान केन्द्र पहुंचने लगे थे।

करीब 10 फीसदी किसान ही धान बेच सके 
गुरुवार को बेमेतरा, नवागढ़, साजा व बेरला ब्लॉक के 129 धान खरीदी केंद्रों में 7570 किसानों ने 2,56,066 क्विंटल धान बेचने के लिए टोकन लिया था। गुरुवार को बेरला क्षेत्र और साजा के 5 धान खरीदी केन्द्रों में धान खरीदी हुई, जहां पर 851 टोकन से 25470 क्विंटल धान खरीदी की गई। यानी गुरुवार को संभावित धान के आवक की अपेक्षा केवल 10 फीसदी किसानों से धान लिया गया।

सुबह चार बजे से आने लगते हैं किसान, हजारों वापस लौटे 
किसान फेरूराम ने बताया कि हम लोग अपने-अपने धान खरीदी केन्द्रों में सुबह से धान बेचने के लिए पहुंचे थे। कई किसान सुबह चार बजे ही पहुंच गए थे। तब भी बारिश हो रही थी। सुबह 7 बजे तक बारिश की स्थिति को देखते हुए धान खरीदी नहीं होने की सूचना मिलने पर वापस लौटे। मोहन वर्मा ने बताया कि मानपुर के किसान भी आज लौटे हैं। बेमेतरा धान खरीदी केन्द्र प्रभारी विनोद राजपूत ने बताया कि गुरुवार को मोबाइल व अन्य माध्यमों से किसानों को धान खरीदी नहीं होने की सूचना दे दी गई थी।

12 दिन करना होगा इंतजार
धान खरीदी केन्द्रों से जुड़े सूत्रों के अनुसार गुरूवार को धान नहीं बेच सके किसानों को आने वाली 30 व 31 जनवरी को टोकन जारी किया जाएगा। 18 जनवरी के बाद प्रभावित किसान अब 12 दिन बाद ही अपना धान बेच सकेंगे। इसी तरह अगर शुक्रवार को टोकन लेने वाले किसान अगर धान नहीं बेच पाते हैं तो उन्हें भी दूसरी तारीख दी जाएगी। इस स्थिति में जिले में गुरुवार से लेकर सोमवार तक धान खरीदी बंद होने के आसार हैं।

बेरला के किसान रहे सुखी, बाकी जगह बारिश से किसान हुए उदास
धान बेचने के मामले में गुरुवार को बेरला क्षेत्र के किसान खुश नजर आए। गुरुवार को बेरला क्षेत्र के गाम पतोरा, सिलघट, लेंजवारा, सोढ़, बेरला, टकसीवा, अछोली, भिभौरी, बांसा, बारगांव, लावातरा, मावलीभाठा, गोडगिरी, कुसमी, हरदी, सुरहोली, कुम्ही, पहादा, आनंदगांव व गुंधेली में धानखरीदी सामान्य तौर पर जारी रही। इसी तरह साजा के राखी, सहसपुर, मोहतरा, अकलवारा में धान खरीदी बारिश नहीं होने की वजह से हुई। वहीं बचत 101 केन्द्रों के किसान धान नहीं बेच पाने की वजह से मायूस रहे हैं।

18 जनवरी को जिले में 2.3 मिमी औसत वर्षा दर्ज   की गई। नवागढ़ तहसील में 12 मिमी, नांदघाट तहसील में 8.2 मिमी, थानखम्हरिया तहसील में 4 मिमी, बेमेतरा तहसील में 2.3 मिमी। 

कलेक्टर ने धान को सुरक्षित करने कहा
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने गुरुवार को जिले के एसडीएम, धान खरीदी केंद्रों के लिए नियुक्त जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों व जिला खाद्य अधिकारी को जिले में बारिश होने की आशंका को देखते हुए जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में भंडारित धान के सुरक्षित रख-रखाव और बचाव के संबंध में सभी जरूरी उपाय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले असामयिक वर्षा के कारण धान खराब न हों, इसे ढंकने के लिए तिरपाल व कैप कवर आदि के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news