धमतरी

चारों दिशाओं में नगर घड़ी बता रही अलग-अलग टाइम
29-Jan-2024 3:29 PM
चारों दिशाओं में नगर घड़ी बता रही अलग-अलग टाइम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 29 जनवरी। नगर एवं क्षेत्रवासियों को राइट टाइम बताने के लिए करीब बारह लाख खर्च कर लगाई गई नगर घड़ी फिर से गलत समय बता लोगों को कन्फ्यूज कर रही है। जिम्मेदार अफसर और जनप्रतिनिधी घड़ी की चिंता छोड़ बदले हालात में अपना आज और कल सुधारने की जुगत में लगे हैं।

ज्ञात हो कि बायपास मार्ग कुरुद में रेस्ट हाउस जाने वाले रास्ते में भाजपा शासित निकाय परिषद ने 2016-17 में करीब 12 लाख खर्च कर नगर घड़ी चौक बनवाया था, जिसमें चारों दिशाओं से नजर आने वाली बड़ी-बड़ी चार घडिय़ां लगीं है। नियमित देखभाल होने से घड़ी सालों तक सही समय बताती रही। लेकिन नगर में सत्ता परिवर्तन होने के बाद शासकीय धन से तैयार परिसंपत्तियों का रखरखाव से ध्यान हट गया। जिसका असर घड़ी पर भी पड़ा है। पिछले कई दिनों से चारों दिशाओं में घड़ी अलग-अलग टाइम दिखा कर राहगीरों को भ्रमित कर रही है।

इस बारे में संबंधित वार्ड पार्षद एवं सभापति मनीष साहू ने कहा कि घड़ी बिगडऩे की जानकारी मुझे नहीं थी, जल्द ही सुधार करवाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दे दिया है। इस संबंध में विधायक प्रतिनिधि कृष्णकांत साहू का कहना है कि वर्तमान परिषद जन आकांक्षाओं में विफल साबित हो गई है। आपसी खींचतान में उलझे जनप्रतिनिधियों का ध्यान नगर विकास में नहीं है।

 जिसके चलते वाचनालय, सियान सदन बंद पड़ा है, स्टेडियम एवं खेल मैदान शराबियों का अड्डा बन गया, वृन्दावन सरोवर और स्टापडेम पाथवे का सत्यानाश हो चुका है। बायपास मार्ग, नगर गेट एवं घड़ी चौक का विरोध करने वाले कांग्रेसी अपनी अदूरदर्शिता त्याग कर नगर विकास में कुछ ईंटें जोड़ जनादेश का मान रख लें।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news