धमतरी

होली मिलन के बहाने कांग्रेस प्रत्याशी कार्यकर्ताओं से मिले
28-Mar-2024 10:00 PM
होली मिलन के बहाने कांग्रेस प्रत्याशी कार्यकर्ताओं से मिले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 28 मार्च। होली मिलन के बहाने कुरुद में कांग्रेस का विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। जिसमें कांग्रेसियों ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद से ही धमतरी जिला संरक्षक विहीन हो गया है। हमें सांसद नहीं ऐसा संरक्षक चाहिए जो हमारे दुख सुख में खड़ा हो सके। तब महासमुंद लोकसभा के पार्टी प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू ने कहा कि सब मिलजुल कर मुझे चुनाव जिताएं, वे सांसद के साथ साथ हमेशा एक पालक की तरह साथ खड़े नजर आएंगे।

बुधवार को कुरुद के पुरानी मंडी प्रांगण में आयोजित कांग्रेस के विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में क्षेत्रीय नेताओं ने बीते विधानसभा चुनाव में मिले दर्द का बयां करते हुए कहा कि बड़े नेताओं ने हर बार कुरुद को उसके हाल पर छोड़ दिया जिसके चलते पार्टी प्रत्याशी चुनाव जीतते जीतते हार गए। जिससे कार्यकर्ता खुद को हताशा के साथ ठगा और असहाय महसूस कर रहा हैं। लेकिन अबकी बार उन्हें सांसद नही बल्कि एक संरक्षक चाहिए जो उनके सुख दु:ख में खड़े होकर साथ दे सके। कुछ नेताओं ने पांच साल प्रदेश में सरकार रहने के बाद भी एक काम नही करा सकने का दुखड़ा रोया। तो कुछ ने आपसी गुटबाजी का ठीकरा फोड़ा। तो कुछ ने डरे सहमे रहने की बात कही। वक्ताओं ने मोदी की गारंटी को छलावा, देश को धर्म के नाम पर बांटने वाला बता राहुल गांधी की न्याय योजना को जनता जनार्दन तक ले जाकर वोंट मांगने की बात कही।

अंत में कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू ने अपने मंत्रित्व काल में जाने अनजाने हुई गलतियों के लिए क्षमा मांगते हुए कहा कि वे यहां राजनीति नहीं अपितु पारिवारिक रिश्ता बनाने के लिए आएं हैं। आप सभी मनमुटाव, गुटबाजी को त्याग उन्हें चुनाव जिताएं, वे वादा करते हैं कि सांसद नहीं पालक बनकर इस क्षेत्र और कार्यकर्ताओं के साथ सदा खड़ा रहेंगे।

इस अवसर पर विधायक ओंकार साहू, पूर्व विधायक गुरुमुख सिंह होरा, लेखराम साहू, डॉ लक्ष्मी ध्रुव, विपिन साहू, मोहन लालवानी, शरद लोहाना, तारणी नीलम चन्द्राकर, राजकुमारी दीवान, सुमन संतोष साहू, गोविंद साहू, कुसुमलता साहू, शारदा साहू, तपन चन्द्राकर, भरत नाहर, सोहेंद्र सिंह दत्ता,रमेशर साहू,आशीष शर्मा, प्रमोद साहू, डिहू राम, देवव्रत साहू, मनीष साहू, डुमेश, उत्तम, राजू साहू, संतोषी निषाद, विनोद साहू आदि उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news