दुर्ग

नगर निगम दुर्ग के 4 सहायक राजस्व निरीक्षकों को नोटिस
20-Jun-2024 7:24 PM
नगर निगम दुर्ग के 4 सहायक राजस्व निरीक्षकों को नोटिस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 जून।
  निर्धारित लक्ष्य से कम राजस्व वसूली करने वाले 4 सहायक राजस्व निरीक्षकों को नोटिस जारी किया गया है। वित्तीय वर्ष में राजस्व वसूली का कार्य दुर्ग नगर निगम स्वयं कर रही है। इस वजह से राजस्व वसूली में तेजी लाने सहायक राजस्व निरीक्षकों पर शिकंजा कसा जा रहा है। सहायक राजस्व निरीक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब देने कहा गया है। 

जिन सहायक राजस्व निरीक्षकों को नोटिस जारी किया गया है, उसमें संजय सोनकर, लव कुश शर्मा, रूपेश नायक और बद्रीनाथ भीमगज शामिल हैं। दरअसल बकाया टैक्स वसूली के लिए दुर्ग नगर निगम द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। शहर के बड़े कारोबारियों से बकाया कर वसूली को लेकर उनके साथ ही बैठक की जा रही है। बैठक में ऐसे बकायादारों को जून में टैक्स का भुगतान कर छह प्रतिशत छूट का लाभ पाने प्रोत्साहित किया जा रहा है। 19 जून को टैक्स के रूप में कुल 745139 रुपए की वसूली की गई।

पिछले दिनों निगम आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने निगम के उप राजस्व निरीक्षकों और सहायक राजस्व निरीक्षकों की बैठक ली गई थी। जिसमें उन्होंने प्रतिदिन वसूली का टार्गेट तय कर सभी बकायादारों के घर-घर जाकर राजस्व वसूली करने निर्देशित किया गया था। सहायक राजस्व अधिकारी शुभम गोईर के नेतृत्व में राजस्व निरीक्षकों के साथ घूम-घूमकर ऐसे बड़े बकायादारों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई शुरू कर बकाया वसूलने का अभियान और भी तेज कर दिया गया है।

 सभी टैक्स अदा न करने वालों के खिलाफ अब नोटिस जारी किया जाएगा। नगर निगम मुख्य कार्यालय व वार्ड जोन कार्यालय के संपत्तिकर काउंटर अवकाश दिनों में आधे दिन खुले रखने के निर्देश आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने राजस्व विभाग को दिए हैं। नागरिक अवकाश अवधि में भी निर्धारित स्थान पर उपस्थित होकर निगम संबंधी देय करो का भुगतान कर सकते हैं।

टैक्स जमा करने 15 दिन का समय
होंडा शो रूम के संचालक द्वारा 2.5 लाख रुपये कल तक भुगतान करने की बात कही। इस समय सहायक राजस्व अधिकारी द्वारा अप्सरा टॉकीज पहुंचकर मैनेजर को जल्द से जल्द टैक्स भुगतान करने के लिए कार्रवाई करते हुए अप्सरा टॉकीज के खिलाफ नोटिस जारी करते हुए 15 दिन का समय दिया गया है। निर्धारित समयावधि के भीतर 35 लाख का जमा नहीं करने पर नगर निगम द्वारा तालाबंदी की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जायजा के दौरान सत्यम बेकरी के संचालक द्वारा जल्द टैक्स की राशि जमा करने की बात कही गई है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news