बलरामपुर
![सांप के काटने से मासूम की मौत सांप के काटने से मासूम की मौत](https://dailychhattisgarh.com/uploads/chhattisgarh_article/1721753577GLOGO.jpg)
रामानुजगंज, 23 जुलाई। ग्राम पंचायत गम्हरिया के नूनबलवा पारा में रात के समय मां के साथ सो रहे 5 वर्षीय बेटे की सांप काटने से मौत हो गई।
सत्येंद्र पिता बबलू कोरवा अपने मौसा रामकुमार कोरवा के घर 2 वर्षों से गम्हरिया के नूनबलवा पारा में रह रहा था। उसका स्थायी निवास ग्राम चुतरु जिला गढ़वा झारखंड था। प्रत्येक दिन की भांति बीती रात भी अपने मां के साथ चारपाई पर घर के अंदर सोया हुआ था, तभी अचानक सत्येंद्र को कुछ काटने जैसा लगा तो वह अपनी मां को बताया। इस पर जब उठकर देखा गया तो पता चला कि करैत सांप ने काट लिया है। घर के अन्य सदस्यों ने मिलकर सांप को तत्काल मार दिया।
बच्चे को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद रामानुजगंज पहुंचते तक काफी देर हो गई थी और उसकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया।