धमतरी

तेंदुए के हमले से बच्चे की मौत
15-May-2021 2:25 PM
तेंदुए के हमले से बच्चे की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
 नगरी, 15 मई।
दोस्तों के साथ जंगल पहाड़ी की ओर चार खाने गए मासूम बच्चे पर तेंदुए ने हमला कर घायल कर दिया। नगरी अस्पताल लाने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वन विभाग की टीम अस्पताल पहुंच गई है। घटना आज सुबह 9 बजे की है।

 थाना नगरी सडक़पारा मुकुंदपुर के कुछ लोग शनिवार सुबह लकड़ी के लिए जंगल की ओर गए थे, जिसमें यहीं का निवासी आशीष (8 वर्ष) पिता विशंभर अपने दोस्तों के साथ भी गया हुआ था। लकड़ी वाले वापस लौट रहे थे। आशीष अपने दोस्तों के साथ चार खाने रुक गया। दोस्त आगे चल रहे थे, यह थोड़ा पीछे हो गया, तभी तेंदुए ने उस पर हमला कर उसे ले गया। उसके दोस्त भागते हुए गांव पहुंचे और लोगों को इसकी जानकारी दी। 

सभी ग्रामीण अगस्त्य ऋ षि आश्रम की तरफ दौड़े, तो देखा तेंदुआ बच्चे को पकड़ा हुआ था। शोर मचाने के बाद तेंदुआ भाग खड़ा हुआ। घायल आशीष को तुरंत नगरी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही रेंजर जी एस परमार, डिप्टी रेंजर गोपाल वर्मा सहित वन विभाग की टीम पहुंच गई।

 प्रशिक्षु आईएफएस और नगरी रेंज के एसडीओ आलोक बाजपेई ने बताया कि इस क्षेत्र में बीच-बीच में तेंदुए की जानकारी मिलती थी। अब तक जानवरों का ही शिकार करते थे, यह पहली घटना है जब किसी इंसान का शिकार किया गया है। उन्होंने बताया कि  मुआवजा का प्रकरण बनाकर भेजा जा रहा है। जल्द ही उस परिवार को छह लाख की राशि दी जाएगी। वन विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

डीएफओ सतोविशा समाजदार और वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के दिनों में जंगली जानवर आक्रमक होते हैं और पानी की तलाश में वे निकलते हैं, इसलिए ग्रामीण जंगलों की ओर न जाएं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news