महासमुन्द

सिरपुर महोत्सव, अंतिम दिन गंगा आरती में सांसद चुन्नीलाल हुए शामिल
28-Feb-2024 3:01 PM
सिरपुर महोत्सव, अंतिम दिन गंगा आरती में सांसद  चुन्नीलाल हुए शामिल

महासमुंद, 28 फरवरी। धार्मिक, पुरातात्विक और ऐतिहासिक नगरी सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव का सोमवार की शाम भव्य आयोजनों के साथ समाप्त हुुआ। समापन कार्यक्रम में मंत्री बृजमोहन अग्रवाल शामिल नहीं हो सके। अत: महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के सांसद चुन्नी लाल साहू बतौर मुख्य अतिथि समारोह में शामिल हुए। समारोह से पूर्व वे चित्रोत्पला गंगा आरती में शामिल हुए।

 सिरपुर महोत्सव में तीनों दिन जन सैलाब उमड़ पड़ा। स्थानीय कलाकार सहित राष्ट्रीय, अंतर राष्ट्रीय कलाकारों ने उम्दा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उन्हें देखने के लिए सिरपुर के अलावा आसपास गांवों तथा प्रदेश के कई स्थानों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे। प्रमुख कार्यक्रमों में इंडियन आइडल विजेता अभिजीत सावंत, मुम्बई के कलाकारों का गीता सार, छत्तीसगढ़ी कलाकार सुनील सोनी, भूपेन्द्र साहू एवं आरू साहू की छत्तीसगढ़ की माटी से जुड़ी लोक परम्परा पर आधारित गीत संगीत ने लोगों का मन मोह लिया। कलेक्टर प्रभात मलिक के मार्गदर्शन में इस बार सिरपुर महोत्सव की खास तैयारी की गई थी। कलेक्टर श्री मलिक खुद ही महोत्सव के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए मौके पर पहुंचकर मार्गदर्शन देते रहे।

 सिरपुर की गलियों में स्थायी विद्युत व्यवस्था, सफाई व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और भव्य मंच बनाया गया था। सफल आयोजन के लिए जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक को नोडल अधिकारी एवं अनुविभागीय अधिकारी उमेश साहू को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था। इसके अलावा अन्य अधिकारियों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

गौरतलब है कि वर्ष 2006 से सिरपुर महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। लेकिन इस बार कलेक्टर की पहल पर पहली बार सिरपुर में चित्रोत्पला गंगा आरती के लिए आकर्षक मंच बनाया गया था। स्थानीय पुजारियों से गंगा आरती कराया गया। जिससे लोगों का जुड़़ाव बढ़ा। साथ ही श्रद्धालुओं के स्नान के लिए कुंड का निर्माण भी किया गया।

शासकीय विभागों ने इस बार विभागीय स्टाल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। कई हितग्राहियों  को लाभान्वित भी किया गया।

 

 अंतिम दिन मुख्य अथिति सांसद श्री साहू ने स्टालों का अवलोकन किया और योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को सामग्री और चेक भी वितरित किए। यहां पर्यटन मंडल, स्वास्थ्य, उद्यानिकी, स्कूल शिक्षा विभाग, क्रेडा, समाज कल्याण, कृषि, महिला एवं बाल विकास विभाग, वन विभाग, जनसंपर्क विभाग का स्टाल लगाया गया।

समापन दिवस पर बॉलीवुड गायक अभिजीत सावंत ने दर्शकों पर जैसे जादू चला दिया। अभिजीत के गीतों पर लोग झूमते नजर आए। उन्होंने एक से बढक़र एक फिल्मी गीत गाया। छत्तीसगढिय़ा सबले बढिय़ा कहते हुए उन्होंने मंच पर एंट्री दी। इस दौरान अस्त्र भिलाई की टीम ने शानदार इफेक्ट के साथ लाइट एंड साउंड कार्यक्रम की प्रतुति दी। अंतिम दिन पद्म श्री विजेता सूफी गायक भारती बंधु ने सुमधुर भजन सुनाए। महासमुंद के कलाकार सुरेंद्र मानिकपुरी ने छत्तीसगढ की संस्कृति और लोकगीत पर आधारित कार्यक्रम की प्रस्तुति दी।

  इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, रूप कुमारी चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल, उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग, सांसद प्रतिनिधि संदीप दीवान, चंद्रहास चंद्राकर, येतराम साहू, सतपाल सिंह पाली, नीलम दीवान, देवेंद्र शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं कलेक्टर प्रभात मलिक, वन मंडल अधिकारी पंकज राजपूत, जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक, अनुविभागीय अधिकारी उमेश साहू, रेखराज शर्मा सहित बड़ी संख्या में दर्शक एवं श्रद्धालु कार्यक्रम में मौजूद थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news