राजनांदगांव
![घर घुसकर दंपत्ति को जिंदा जलाने की कोशिश घर घुसकर दंपत्ति को जिंदा जलाने की कोशिश](https://dailychhattisgarh.com/uploads/chhattisgarh_article/1718350928LACK_BOX.jpg)
पति की हालत गंभीर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 जून। डोंगरगांव इलाके के कन्हारपुरी में एक दंपत्ति को पेट्रोल छिडक़कर जिंदा जलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। पति-पत्नी आग से बुरी तरह से झुलस गए हैं। पति की हालत गंभीर बताई जा रही है। पति का उपचार राजधानी रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में हो रहा है, वहीं पत्नी का स्थानीय मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है।
मिली जानकारी के मुताबिक डोंगरगांव के सांकरदहरा गांव से सटे कन्हारपुरी के रहने वाले अशोक लेंझारे (50 वर्ष) और उसकी 47 वर्षीय पत्नी उषा लेंझारे को जिंदा जलाने के लिए अज्ञात आरोपियों ने पेट्रोल डालकर मारने का प्रयास किया है। आग लगने के कारण अशोक 70 प्रतिशत और पत्नी लगभग 30 प्रतिशत जल गई हंै।
बताया जा रहा है कि घटना 12 जून की रात की है। पति-पत्नी खाना खाने के बाद घर में सो रहे थे। अचानक अज्ञात लोगों ने पति के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने के लिए पत्नी सामने आई। इस बीच किसी एक अज्ञात व्यक्ति ने पेट्रोल उड़ेलकर दोनों को आग के हवाले कर दिया। किसी तरह दोनों आग से बचे, तब तक वह काफी जल चुके थे।
इस संबंध में थाना प्रभारी उपेन्द्र शाह ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि पति की स्थिति नाजुक बनी हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि पूरा मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल पुलिस अपने स्तर पर घटना की असल वजह की पतासाजी कर रही है।