राजनांदगांव

प्रदेश उपाध्यक्ष बने मधुसूदन की जगह नया जिलाध्यक्ष जल्द
12-Sep-2022 5:03 PM
प्रदेश उपाध्यक्ष बने मधुसूदन की जगह नया जिलाध्यक्ष जल्द

 नए अध्यक्ष के लिए दिनेश और रमेश का नाम चर्चा में भरत और नीलू भी प्रदेश की टीम में 
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 सितंबर।
राजनांदगांव भाजपा जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव को प्रदेश की टीम में उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद नए जिलाध्यक्ष की तलाश शुरू हो गई है। 

माना जा रहा है कि जल्द ही नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा हो सकती है। भाजपा नियुक्ति के मामले में फटाफट निर्णय ले रही है। ऐसे में मधुसूदन यादव के उपाध्यक्ष बनाए जाने की वजह से रिक्त हुए पद पर अध्यक्ष के लिए कुछ नामों की चर्चा चल रही है। पार्टी हल्के में दिनेश गांधी, रमेश पटेल, कोमल सिंह राजपूत समेत कुछ चेहरे सामने आए हैं। 

प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने अपनी टीम में मधुसूदन यादव को उपाध्यक्ष बनाया है, वहीं भरत वर्मा को प्रदेश भाजपा पिछड़ा मोर्चा का अध्यक्ष और नीलू शर्मा को प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी है। नीलू विष्णुदेव साय की टीम में प्रवक्ता के तौर पर जिम्मेदारी सम्हाल रहे थे। भरत वर्मा की नियुक्ति सांसद संतोष पांडे की पसंद पर किया गया है 

 राजनांदगांव भाजपा अध्यक्ष को बदलने की चर्चाएं जोरों पर थी। तत्कालीन प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने राजनांदगांव समेत कई जिलों में अध्यक्ष बदलने की एक रिपोर्ट तैयार की थी। राजनीतिक स्तर पर हुए बदलाव को इसी कड़ी से जोडक़र देखा जा रहा है। 
मधुसूदन यादव  राजनांदगांव भाजपा के दो बार अध्यक्ष रहे हैं। उपाध्यक्ष बनाए जाने से उनका प्रदेश की राजनीति में कद बढ़ा है, वहीं नीलू शर्मा की भी प्रदेश की सियासत में स्थिति मजबूत हुई है। इस बीच नए जिलाध्यक्ष को लेकर उठापटक शुरू हो गई है। अध्यक्ष के लिए दिनेश गांधी और रमेश पटेल एक सशक्त चेहरे के रूप में सामने आए हैं। गांधी वर्तमान में भाजपा के जिला महामंत्री हैं। 

वहीं रमेश पटेल शहर भाजपा के तीन बार अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा को विधानसभा चुनाव में सफलताएं मिली थी। उनके प्रदेश के आला नेताओं से अच्छे ताल्लुकात भी हैं। 

संगठन में गांधी और पटेल समकक्ष हैं। ऐसे में दोनों में से किसी एक को संगठन जिलाध्यक्ष की जवाबदारी दे सकती है। दोनों के अलावा कोमल सिंह राजपूत भी एक नाम है। साथ ही युवा मोर्चा में लंबी राजनीतिक  पारी खेल चुके नेताओं के नाम चर्चा में है। जिसमें सौरभ कोठारी भी एक मजबूत दावेदार बन सकते हैं।  वह जिला भाजपा में कोषाध्यक्ष हैं। बहरहाल नए अध्यक्ष की तलाश होते ही भाजपा में उठापटक शुरू हो गई है। 
 

नए जिलों में भाजपा की नई टीम जल्द अस्तित्व में
राजनांदगांव जिले से अलग हुए खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में भी भाजपा की नई टीम जल्द अस्तित्व में आएगी। केसीजी जिले में जिलाध्यक्ष के लिए प्रमुख चेहरों में विक्रांत सिंह, सचिन बघेल, कोमल जंघेल और घम्मन साहू का नाम चर्चा में है। खैरागढ़ में जातिगत समीकरण के आधार पर नए अध्यक्ष की घोषणा के आसार हैं। 

माना जा रहा है कि अनुभवी नेताओं को संगठन का जिम्मा मिल सकता है। जिसमें विक्रांत सिंह एक मजबूत चेहरे हैं। वह लगातार चुनावी  लड़ाई के जरिये पदों पर पहुंचे हैं। उनकी अपने जिले में काफी पकड़ है। सचिन बघेल भी एक प्रबल दावेदार हैं। वर्तमान में वह अविभाजित राजनांदगांव भाजपा के महामंत्री हैं। कोमल जंघेल भी एक चेहरे हैं। उनका  क्षेत्र में खासा प्रभाव है। घम्मन साहू का नाम भी चर्चा  में है। 

इधर मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में  नए अध्यक्ष के लिए आदिवासी चेहरे को मौका दिए जाने की संभावना है। पूरा जिला आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है। ऐसे में संजीव शाह का नाम चर्चा में है। वह आदिवासी समाज के दमदार चेहरे हैं। साथ ही वह दो बार के विधायक भी हैं। इसके अलावा राजेश सिंघी का नाम भी सामने आया है। वह लंबे समय से अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में संगठन के अलग-अलग पदों पर कार्य कर चुके हैं।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news