बेमेतरा

तालाबों के सौंदर्यीकरण पर 4 करोड़ फिर भी निस्तारी लायक नहीं
28-Nov-2022 2:44 PM
तालाबों के सौंदर्यीकरण पर 4 करोड़  फिर भी निस्तारी लायक नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
 बेमेतरा,  28 नवंबर। 
शहर के सभी तालाबों की हालत काफी खराब है। शहर में आम जनों के निस्तारी के लिए दर्जनभर तालाब है। इनमें से एक या दो तालाब को छोडक़र सभी तालाब निस्तारी लायक नही है , जबकि बीते 6 सालों से इन तालाबों को संरक्षित करने को लेकर सौंदर्यीकरण पर करीब 4 करोड़ रुपए से अधिक ब्यय किया गया है। पालिका प्रशासन की अनदेखी का खामियाजा शहर वाशियों को भुगतना पड़ रहा है। खासकर गरीब तबके के लोग निस्तारी के लिए तालाबों पर निर्भर रहते है। शहर के लगभग सभी तालाबों में सर्वत्र गंदगी फैली हुई है। शहर के तालाबों में बड़ी-बड़ी गाजर घास उगने के कारण तालाबों का निस्तारी के लिए उपयोग नही हो पा रहा है। प्रशासन की अनदेखी से लोगों में खासी नाराजगी है।
 

तालाबों में प्रकाश की व्यवस्था नहीं
वर्तमान में शहर के तालाबों के किनारे बना पाथवे जगह-जगह से दरक गया है। पाथवे के दोनों ओर जंगली पेड़-पौधे ने जंगल का रुओ ले लिया है। तालाबों में लगाई गई बेंच व आकर्षक लाइट क्षतिग्रस्त हो गई है। तालाब में जलीय पेड़-पौधें से तालाब का पानी नजर नही आता। सिर्फ जलीय बेले नजर आते है। सौन्दर्यीकारण पर करोड़ो खर्च करने के बावजूद तालाबों में प्रकाश की कोई ब्यवस्था नही की गई है। क्षतिग्रस्त व बन्द लाइटों की मरम्मत नहीं की जा रही है।
 

करोड़ों खर्च, बावजूद एक भी केयर टेकर नहीं 
पिकरी वार्ड स्थित बांधा तालाब के सौंदर्यीकरण पर एक करोड़ से अधिक रुपए व्यय किया गया है। रखरखाव के अभाव में तालाब का सौंदर्यीकरण बदहाल होता जा रहा है, सर्वत्र गंदगी फैली हुई है। पालिका प्रशासन की ओर से तालाब के पार में चौपाटी का निर्माण किया गया है। यहां रोजाना शहर के सैकड़ों लोग चौपाटी का आनंद लेने पहुंचते हैं। लेकिन तालाब में फैली गंदगी की सफाई की ओर प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है इसके अलावा तालाबों में मवेशियों को नहलाया जाता है जो बीमारी का कारण बनते हैं । करोड़ों रुपए खर्च करने के बावजूद पालिका प्रशासन की ओर से एक भी केयर टेकर की व्यवस्था नहीं की गई है।
 

सफाई की कोई व्यवस्था नहीं, घाटों पर फैली गंदगी 
सौंदर्यीकरण पर करोड़ों खर्च कर पालिका प्रशासन भूल गया। नपा की संपत्ति होने के बाद भी वह इन पर ध्यान नहीं देती है। परिणाम करोड़ों खर्च के बाद भी शहर के प्राचीन तालाब बदहाल है। घाटों पर गंदगी फैली रहती हैं। पानी गंदा होकर अनुपयोगी हो गया। बावजूद इसके तालाबों की देखरेख को लेकर कोई गंभीर नहीं हैं। तालाबों के घाटों की साफ -सफाई की कोई व्यवस्था नहीं की। नतीजतन लोगों द्वारा घाटों पर पूजन सामग्री के साथ अन्य गंदगी फेंकी जाने लगी, जिससे तालाब पूरी तरह से बदहाल हो गए।
 

एक साल पहले 41 लाख खर्च , फिर भी तालाब है बदहाल 
वार्ड क्रमांक 5 में स्थित पांडे तालाब के सौंदर्यीकरण पर करीब 1 साल पूर्व 41 लाख रुपए खर्च किए गए हैं । सौंदर्यीकरण में गड़बड़ी को लेकर वार्ड वासियों ने पार्षद के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। जिसमें कार्य में लेटलतीफी और गुणवत्ताहीन कार्य की शिकायत पालिका प्रशासन से की गई थी। अब कार्य पूर्ण होने के बाद तालाब की बदहाल स्थिति से वार्ड वासियों में नाराजगी है। वार्डवासी नारायण छाबड़ा ने बताया कि तालाब को निस्तारी लायक बनाने के लिए पार्षद से बार-बार आग्रह किया जा रहा है, बावजूद समस्या का निराकरण नहीं हो रहा है। इस संबंध में फिर से आंदोलन की तैयारी की जा रही है।
 

तालाबों की बदहाली ने पालिका के दावों की पोल खोली 
जिले के आस्था का केंद्र मां भद्रकाली मंदिर के पास स्थित तालाब की बदहाली ने पालिका प्रशासन के कार्यप्रणाली की पोल खोल कर रख दी है। सुंदर और स्वच्छ शहर के दावे की पोल तालाबों की बदहाल स्थिति ने खोल दी है। मां भद्रकाली मंदिर में दर्शन के लिए रोजाना सैकड़ों भक्त दीगर जिलों से आते हैं। यहां के तालाब की स्थिति शहर के अन्य तालाबों की तुलना में खराब है, जबकि इस तालाब के सौंदर्यीकरण पर पालिका प्रशासन की ओर से 41 लाख रुपए खर्च किए गए हैं।
 

तालाब निस्तारी लायक नहीं, वार्डवासी नाराज 
बाजार पारा स्थित मां कालीका मंदिर के पास स्थित तालाब के सौंदर्यीकरण पर करीब 40 लाख रुपए खर्च हुए हैं। सौंदर्यीकरण पर हुए खर्च के अलावा सफाई के नाम पर 5 लाख रुपए से अधिक खर्च हुए हैं। बदहाल स्थिति को देखते हुए वार्डवासियों ने तालाब जाना छोड़ दिया है।पार्षद घनश्याम ताम्रकार के द्वारा लगातार शिकायत किए जाने के बावजूद तालाब की बदहाल स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है। ऐसी स्थिति में पार्षद को वार्डवासियों के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news