राजनांदगांव

नांदगांव महापौर के आखिरी बजट में 68 करोड़ की नई योजनाएं
06-Mar-2024 2:18 PM
नांदगांव महापौर के आखिरी बजट में 68 करोड़ की नई योजनाएं

अंतिम कार्यकाल में 28 लाख 50 हजार घाटे का किया बजट पेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 6 मार्च।
महापौर हेमा देशमुख ने बुधवार को अपने कार्यकाल के 5वें और अंतिम बजट पेश करते हुए शहर विकास के लिए 68 करोड़ रुपए  की नई योजनाओं को बजट में शामिल किया है। महापौर  ने अपने कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का स्मरण करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व नगरीय निकाय मंत्री शिव डहरिया के प्रति आभार व्यक्त किया। 

उन्होंने कहा कि 4 वर्ष में राजनांदगांव की जनता का कांग्रेस सरकार ने मूलभूत सुविधाओं के मद्देनजर पूरा ख्याल रखा। महापौर ने विपक्ष के शोर-शराबे के बीच 28 लाख 50 हजार के घाटे का बजट पेश किया। विपक्ष के हंगामे के कारण कुछ देर के लिए सदन की कार्रवाई स्थगित कर दी गई।

महापौर ने नए बजट में पुराने प्लांट में 10 एमएलडी एवं 27 एमएलडी पंप खरीदने के लिए 6 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा है। वहीं पाईप लाइन विस्तार के लिए 2 करोड़, शौचालय मरम्मत के लिए 50 लाख, शहर की ट्रैफिक सिग्नल एवं शेड निर्माण के लिए एक करोड़ रुपए का प्रावधान रखा है। शहरी अधोसंरचना विकास निधि योजना के लिए 20 करोड़ रुपए का प्रावधान बजट में रखा गया है। इस राशि से शहर में जल आपूर्ति, बड़े नालों के गंदे पानी को सिवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में पहले चरण में जोड़ा जाएगा। महापौर की ओर से नगर निगम सीमा के अंतर्गत  मुक्तिधामों के जीर्णोद्धार व मरम्मत कार्य के लिए डेढ़ करोड़ रुपए का बजट में प्रावधान रखा गया है।

महापौर हेमा देशमुख के बजट प्रस्तुत करने के दौरान विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच नोकझोंक भी होती रही। अध्यक्ष की आसंदी तक कई बार विपक्ष  शोरगुल करते हुए पहुंचा। महापौर के पक्ष में सत्तापक्ष के पार्षदों ने भी काफी हंगामा किया। इस बीच महापौर हेमा देशमुख ने अपने अंतिम बजट को प्रस्तुत करते हुए दावा किया कि पिछली कांग्रेस ने गढ़बो राजनांदगांव की परिकल्पना को पूरा करने के लिए पूर्ण रूप से सहायता की। उन्होंने उम्मीद जताई कि मौजूदा भाजपा सरकार शहर विकास के लिए पूर्ण सहयोग करेगी।


बूढ़ासागर भ्रष्टाचार पूर्व महापौर मधुसूदन की देन - हेमा
महापौर श्रीमती देशमुख ने बजट पेश करने के दौरान मीडिया से चर्चा करते कहा कि ऐतिहासिक बूढ़ासागर में हुआ भ्रष्टाचार पूर्व महापौर मधुसूदन यादव  की देन है। उन्होंने कहा कि इसकी जांच के लिए उनके नेतृत्व में समिति का गठन किया गया। जिसमें दोषियों पर कार्रवाई हुई। उन्होंने विपक्ष को अपने गिरेबान में झांकने की नसीहत दी। 

महापौर ने कहा कि शहर में फैली हरियाली उनके कार्यकाल की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि मोतीपुर से ढ़ाबा के मध्य बनी सडक़ सालों पुरानी मांग के तहत बनाई गई। सौंदर्यीकरण शहर में साफतौर पर दिख रहा है।  उन्होंने कहा कि 5 साल में शहर की जनता पर किसी भी तरह का नया कर नहीं लगाना, उनकी बड़ी उपलब्धि है।

 सफाई व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में सब कुछ बेहतर तरीके से चल रहा था। भाजपा सरकार आने के बाद आयुक्त ने दो दर्जन सफाई कर्मियों को घर बैठने का आदेश थमा दिया।  उन्होंने सवाल उठाया कि यह किसके इशारे पर किया गया, इसे स्पष्ट किया जाना चाहिए।


महापौर का बजट कोरी कल्पना - यदु
नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु ने महापौर हेमा देशमुख के द्वारा पेश किए गए बजट को लेकर  कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते कहा कि 68 करोड़ रुपए की नई योजनाओं को लागू करने बजट में प्रावधान रखा गया है। यह सोचने वाला विषय है कि इतनी भारी भरकम राशि की व्यवस्था महापौर कैसे करेंगी।

उन्होंने कहा कि महापौर सपने में जी रही हैं। उन्होंने 5 साल में शहर के विकास को लेकर विशिष्ट योगदान नहीं दिया। महापौर को नई योजनाओं की रकम के लिए  प्रदेश के मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और नगरीय निकाय मंत्री के पास जाना होगा। महापौर शहर बाहर निकलने की जहमत उठाने तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि यह बजट पूरी तरह से कागजों का बजट है।


 

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news