महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,2 जुलाई। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा है कि सभी नागरिक एक पेड़ माँ के नाम में सहभागिता निभाएंगे और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देंगे तो धरती में हरियाली के साथ ही हम सब के जीवन में खुशहाली आएगी। मोदी जी के मन की बात कार्यक्रम के बाद विधायक श्री सिन्हा ने पौधरोपण कर इस अभियान का आगाज किया। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब चार महीने के अंतराल के बाद कल एक बार फिर से मन की बात कार्यक्रम के जरिए देशवासियों को संबोधित किया।
यह इस कार्यक्रम का 111वां संस्करण था। महासमुंद विधानसभा के बूथ क्रमांक 193 बीटीआई शक्ति केंद्र में आयोजित मन की बात कार्यक्रम में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के साथ भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप चंद्राकर, मंगेश टांकसाले, प्रकाश शर्मा, पार्षद मनीष शर्मा, महेंद्र जैन, सुनीता देवांगन, विनोद रात्रे, नंदू जलक्षत्री, गोपी कन्नौजे उपस्थित थे।