बीजापुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 5 जुलाई। रविवार को पंचायत सचिव संघ का सम्मान समारोह राजधानी के बलवीर सिंह इंडोर स्टेडियम में भव्य तरीके से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री सहित दोनों उपमुख्यमंत्री, साय कैबिनेट के तमाम मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
पंचायत सचिव संघ के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष कोमल निषाद ने बताया कि हर वर्ष 7 जुलाई को प्रदेशभर के सचिव जिला व ब्लॉक मुख्यालय में स्थापना दिवस मनाते हैं, किंतु इस वर्ष आगामी 7 जुलाई सचिव दिवस के मौके पर प्रदेश स्तरीय भव्य सम्मान समारोह रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। संयुक्त रूप से आयोजित किये जा रहे, इस सम्मान समारोह में प्रदेश भर के 10485 सचिव शामिल होंगे।
कार्यकारी अध्यक्ष कोमल निषाद ने आगे बताया कि इस सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित साय केबिनेट के तमाम मंत्री व सांसद विजय बघेल विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। श्री निषाद ने बताया कि सचिवों द्वारा जितना काम सेवाभाव से किया जाता है, उसके बदले सरकार से उन्हें सभी सुविधाएं नहीं मिल पाती, जिसके वे वास्तव में हकदार है। वही पंचायत सचिव का एक सूत्रीय लंबित मांग दो वर्ष परिवीक्षा अवधि पश्चात शासकीयकरण है।
संघ के मीडिया प्रभारी रामकरण सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि सबसे पहले 7 जुलाई 2007 को जांजगीर चांपा में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के मुख्य आतिथ्य में सचिव संघ का सम्मेलन आयोजित किया गया था। जिसमें उन्होंने पंचायत कर्मी से ग्राम पंचायत सचिव वेतनमान पे ग्रेड का निर्धारण की घोषणा किये गए थे। तब से अब तक पंचायत सचिव हर वर्ष 7 जुलाई को सचिव दिवस के रूप में मनाते आ रहे हैं।