दन्तेवाड़ा

किरंदुल डैम हादसा: कलेक्टर ने पीडि़तों की सुनी समस्याएं
23-Jul-2024 10:09 PM
किरंदुल डैम हादसा: कलेक्टर ने पीडि़तों की सुनी समस्याएं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 दंतेवाडा़, 23 जुलाई। किरंदुल में एनएमडीसी का चेकडैम फूटने के कारण प्रभावितों को हो रही परेशानी देखने हेतु कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी एवं पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने प्रभावित क्षेत्र का सघन दौरा किया। इस दौरान कलेक्टर ने प्रभावित परिवारों से सीधे मुलाकात की।

उन्होंने प्रभावितों की समस्याओं से अवगत होते हुए उसके निराकरण के लिए त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश संबंधितों को दिए। इस दौरान कलेक्टर ने नुकसानी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मुख्य रूप से प्रभावित पीडि़त परिवारों के लिए भोजन, अस्थायी आवास, दवाइयां एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को कहा। इसके अलावा मौसमी बारिश से असामयिक आपदा से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुचाने के लिए आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने एनएमडीसी प्रबंधन के अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा‘-निर्देश दिए।

इस मौके पर कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के द्वारा चपेट में आए प्रभावित वार्डों विशेष तौर पर बंगाली कैंप तथा गाडर पुलिया क्षेत्र का जायजा लिया और वार्ड के क्षतिग्रस्त घरों के रहवासियों को हर संभव मदद करने का आश्वासन भी दिया।

 उन्होंने कहा कि प्रशासन के एसडीएम, तहसीलदार, नगर पालिका के अधिकारी कर्मचारियों द्वारा क्षतिग्रस्त मकानों को सर्वे किया जा रहा है। और सर्वे करने के बाद शीध्र ही मुआवजा राशि प्रदान किया जायेगा। कलेक्टर ने कहा कि इस आपदा से प्रभावित लोगों के लिए मंगल भवन में ठहरने के लिए उचित व्यवस्थाएं भी की गई है। मौके पर उन्होंने स्थानीय लोगों की मांग पर वार्ड स्थित नाले को चौड़ा  बनाने का आश्वासन भी दिया। इसके साथ ही उन्होंने राहत कार्य में जुटे मैदानी अमलों को अधिकारियों से सतत सम्पर्क बनाए रखने को कहा।

  इस दौरे के दौरान ही कलेक्टर ने राजस्व विभाग के साथ ही अन्य विभागों के अधिकारियों की बैठक भी ली एवं राहत तथा पुनर्वास के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन द्वारा प्रभावितों को किसी भी प्रकार की समस्या आने पर जिला स्तरीय बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष के प्रभारी अधिकारी डिप्टी कलेक्टर श्री कमल किशोर के मोबाईल नंबर -7354637303 पर संपर्क करने की अपील भी की गई है। इस दौरान एसडीएम बचेली विवेक चंद्रा प्रमुख रूप से मौजूद थे।

179 परिवार प्रभावित

दंतेवाड़ा के किरंदुल में डैम फूटने से प्रभावित नागरिकों को राहत प्रदान करने जिला प्रशासन का अभियान युद्ध स्तर पर जारी है। प्रभावितों को तात्कालिक राहत प्रदान किया जा रहा है। जिससे संबंधित नागरिकों को सुविधा मिल सके।

इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी, विवेक चंद्रा ने ‘छत्तीसगढ़’को बताया कि बाढ़ प्रभावितों परिवारों का सर्वे कार्य पूर्ण कर लिया गया है। ताजा जानकारी के मुताबिक 179 परिवारों को डैम के पानी ने अपनी चपेट में लिया है। पीडि़त परिवारों के घरेलू उपयोग की सामग्रियां भी पानी से क्षतिग्रस्त हुई है। इसके फलस्वरुप प्रभावितों की परेशानी में बढ़ गई। श्री चंद्रा के मुताबिक किसी जनहानि की सूचना नहीं है। परंतु बड़ी संख्या में दो पहिया और चार पहिया वाहनों को नुकसान पहुंचा। उन्होंने बताया कि प्रभावितों को तात्कालिक राहत के इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में खाने के पैकेट और गद्दे दिए जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा राहत देने के हर संभव प्रयास किया जा रहे हैं। किरंदुल इलाके में में लगातार बारिश हो रही है। जिससे राहत अभियान में बाधा पड़ती है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news