महासमुन्द

किसानों को सौर ऊर्जा से मिल रही चलित पम्प
30-Jan-2021 5:45 PM
किसानों को सौर ऊर्जा से मिल रही चलित पम्प

ड्रीप इरीगेशन सिस्टम जैसी सुविधाएं 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 30 जनवरी।
छत्तीसगढ़ में सरकार का मुख्य फोकस किसानों के विकास पर है। इसे ध्यान में रखकर किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ा जा रहा है। महासमुन्द जिले के किसानों को यहां सौर ऊर्जा से चलित पम्प, ड्रीप इरीगेशन सिस्टम जैसी सुविधाएं मिल रही है। साथ ही 15 किसानों को सब्जी उत्पादन के लिए ग्रीन नेटहाउस दिया गया है। क्षेत्र के किसानों के यहां सौर ऊर्जा से चलित पम्प, ड्रीप इरीगेशन सिस्टम जैसी सुविधाएं मिल रही है। आधुनिक खेती के तौर तरीकों से जुडऩे से इन परिवारों के जीवन शैली में परिवर्तन देखने को मिल रहा है। नदी किनारे जहां विद्युत लाईन नहीं है, उन किसानों को प्राथमिकता से सौर सुजला योजना से लाभान्वित करने पर जोर दिया जा रहा है।

जिले के ब्लॉक सरायपाली ग्राम छुईपाली के किसान सुनील खेश भी आधुनिक खेती से जुड़े हंै। उन्होंने बताया कि उनका परिवार परम्परागत खेती करता था। वर्षा ठीक से नहीं होने पर कई बार फसल बर्बाद हो जाती थी। उन्होंने बताया कि जिला उद्यानिकी विभाग से राष्ट्रीय विकास योजना के तहत 4000 वर्गमीटर नेटहाऊस और ड्रीप इरीगेशन सिस्टम भी लगाया गया है। इससे उनका परिवार 12 महीने सब्जी की खेती कर रहा है और उन्हें अब मुनाफा होने लगा है। शेडहाऊस निर्माण हेतु 50 प्रतिशत अनुदान प्रदाय किया गया। परम्परागत खेती के साथ अब वह हर मौसम की सब्जी.भाजी पैदा कर रहे हंै। वर्तमान में उन्होंने 40 की क्विंटल बरबट्टी पैदा की। स्थानीय बाजार में बेचने पर उन्हें 1 लाख रुपए की आमदनी हुई। 

उन्होंने बताया कि वे नेटहाऊस में ड्रीप इरीगेशन का उपयोग कर रहे हैं। खाद, बीज, रोग, दवाइयों के खर्च की कटौती कर 67 हजार रुपए का लाभ हुआ। वे वर्ष में सब्जी-भाजी उगाकर एक से डेढ़ लाख रुपए की शुद्द लाभ आय कर रहे हैं। नेट के फायदे के सम्बंध में सुनील ने बताया कि हर मौसम में खेती-बाड़ी की व्यवस्था सरकारी योजनाओं ने पूरी कर दी। वह खुशी-खुशी बताते हैं कि अब शेड नेट हाऊस होने से वह करेला, टमाटर, लौकी एवं अन्य पत्तेदार सब्जियां आदि कर रहे हैं। शेड नेट से कीट.पतंगे एवं खरपतवार का प्रकोप कम होता है। उन्होंने बताया कि परम्परागत खेती से उनके परिवार की आय सीमित थी। उन्हें परिवार का खर्च चलाने के लिए मजदूरी भी करनी पड़ती थी। लेकिन सरकार की सहायता से खेती की जमीन सिंचित होने और शेडनेट तथा ड्रीप इरीगेशन सिस्टम लगने से हर मौसम में अब खेती कर रहे है। 

उनका कहना है कि उनके खेत में सौर ऊर्जा चलित सिंचाई पम्प लगने से उनके परिवार की खुशी लौट आयी है। इसके अलावा उनके यहां सिंचाई के लिए विद्युत लाईन नहीं है। इसके कारण उनके लिए सिंचाई की व्यवस्था नहीं हो पा रही थी। राज्य शासन की सौर सुजला योजना में उनके यहां सोलर पम्प लगाया गया है। इससे उनकी खेती सिंचित हो गई है। उद्यानिकी विभाग के द्वारा उनके यहां आधा एकड़ में शेडनेट और ड्रीप इरीगेशन सिस्टम लगा कर दिया है। इसके साथ-साथ मलचिंग का भी उपयोग कर रहे हैं। इससे उनका परिवार 12 महीने सब्जी की खेती कर रहा है। वह सौर सिंचाई पंप का एक बटन दबाकर अपने खेत की फसल को हर मौसम में पानी दे रहा है। 
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news