महासमुन्द

खरीदी केन्द्र लहंगर में पहुंचा हाथी, धान खाया और चलते बना
02-Feb-2021 4:31 PM
खरीदी केन्द्र लहंगर में पहुंचा हाथी,  धान खाया और चलते बना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द/पिथौरा, 2 फरवरी।
धान खरीदी केंद्र लहंगर में सोमवार की अपरान्ह एक दंतैल पहुंच गया। दंतैल ने यहां स्टेक में लगे करीब 10 कट्टा धान को खाया और वापस जंगल की ओर चला गया। 

दंतैल के केंद्र के पास आने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए थे। हालांकि इस दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं घटी। ग्रामीण राधेलाल सिन्हा ने बताया कि सोमवार की दोपहर 2.45 बजे के आसपास एक दंतैल धान खरीदी केंद्र लहंगर पहुंचा। धान का उठाव नहीं होने के कारण यहां काफी कम संख्या में कर्मचारी और मजदूर बैठे हुए थे। यही कारण है कि किसी को हाथी के आने की भनक तक नहीं लगी और दंतैल स्टेक में जमा धान के बोरों को एक.एक कर खींचता रहा। इसी दौरान धान के कुछ बोरे भरभराकर गिर गए। इससे कर्मचारियों की नजर उस ओर गई और उनके होश उड़ गए। 

उन्होंने देखा कि एक दंतैल धान के बोरों को स्टेक से खींच रहा था। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चे एकत्रित हो गए। आखिरकार वन विभाग के अधिकारियों को दंतैल के आने की सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ ही खरीदी केंद्र के कर्मचारियों ने भी दंतैल को भगाने का प्रयास किया। लेकिन हाथी वहां से टस से मस नहीं हुआ। करीब 10 कट्टा धान खाने के बाद ही हाथी खुद ही जंगल की ओर वापस लौट गया। गौरतलब है कि इस क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से तीन दंतैल भ्रमण कर रहे हैं। वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इनमें से ही एक दंतैल लहंगर के खरीदी केंद्र में पहुंचा था। वहीं शाम को तीनों दंतैल को लहंगर से निकलकर परसाडीह रोड की ओर जाते हुए देखा गया। वन विभाग ने परसाडीह और गुडरुडीह गांव के ग्रामीणों के लिए अलर्ट जारी किया है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news