महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 2 फरवरी। कलेक्टर डोमन सिंह ने कृषि से सम्बंधी विभागों, आदिमजाति विकास अधिकारी, खाद्य विभाग के जिला अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यों गतिविधियों की समीक्षा की।
उन्होंने राज्य शासन की फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन पर ज्यादा जोर देते हुए कहा कि इस कार्य को तेजी और गुणवत्ता के साथ पूरा करें। ताकि शासन की मंशानुरूप हितग्राही लाभान्वित हो सकें। कलेक्टर डोमन सिंह ने कल कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में पशुपालन और रेशम विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय गतिविधियों की समीक्षा भी की। इस मौके पर उप संचालक कृषि एस.आर.डोगरे, उप संचालक पशु चिकित्सा डा. डी. डी झारिया, जिला विपणन अधिकारी सी.आर. जोशी, सहायक खाद्य अधिकारी अनिल जोशी और फिल्ड अधिकारी रेशम एस.के. टिकरिहा उपस्थित थे। कलेक्टर ने खाद्य अधिकारियों से उपार्जन केन्द्रों से धान का तेजी के साथ उठाव का निर्देश दिए। आदिम जाति विकास अधिकारी को वनाधिकार पट्टे के वितरण और पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए और इसकी प्रगति के बारें में लगातार अवगत कराने को कहा।
कलेक्टर ने पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कृषि अधिकारी से सरकारी और गैर सरकारी संस्थाओं द्वारा वर्मी कम्पोस्ट खाद की मांग और उठाव की भी जानकारी ली। कलेक्टर श्री सिंह ने गौठानों में जीविकोपार्जन की कार्य योजना बनाकर ज्यादा से ज्यादा ग्रामीण लोगों को जोडक़र उनके आय में वृद्धि करने को कहा। गोठानों को सक्रिय कर शीघ्रता से स्वावलंबी बनाने के लिए विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि गौठानों में वर्मी कम्पोस्ट खाद सरकारी कार्यालयों के अलावा निजी क्षेत्र और जिले के बड़े किसानों को उपलब्ध कराते हुए खेती किसानी में जैविक खाद को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने सम्बंधित विभागों को जिला खनिज न्यास निधि से सौंपी गई राशि से तत्काल कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।