विचार / लेख

टमाटर नहीं, खीरों की तस्करी
17-Jul-2023 3:56 PM
टमाटर नहीं, खीरों की तस्करी

(photo:Twitter)

प्रकाश दुबे

 हिंदी के नामी कवि धूमिल को प्रश्न का उत्तर नहीं मिला तो उन्होंने लिख मारा-मेरे देश की संसद मौन है। धूमिल के अनुभव से सबक लेते हुए हमें मणिपुर के बारे में न सवाल पूछना है और न कविता लिखनी है। इतनी जानकारी पर्याप्त है कि म्यांमार से तस्करी होती है। समझें कि हिंसा के लिए म्यानमार दोषी है। सबूत हम जुटा देते हैं। अंडमान में चार तस्कर इंजन वाली नौका से हिरासत में लिए गए।

बाकी चार तस्कर तैरकर दलदली झाडिय़ों में भागे। पुलिस ने जान पर खेलकर उन्हें भी खोज लिया। नौका से भारी मात्रा में सी कुकुंबर (समुद्री खीरे) बरामद किए। हंसिए मत। इस सागरी प्राणी का दाम प्रति किलो तीन हजार डालर है। भारतीय पुलिस सेवा की महिला अधिकारी गीतांजली खंडेलवाल की टीम ने यह कारनामा दिखाया। गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोच में पड़े होंगे। हमारे वीर बहादुर पुलिस और सैनिक कहां चूक गए। सीमावर्ती क्षेत्रों का अधिकार केंद्रीय दलों को देने के बावजूद तस्कर सैरसपाटे पर आते रहते हैं।

टमाटर पिलपिले हैं

रोबोट की फुर्ती से काम करने वाले प्रवर्तन निदेशालय के संजय कुमार मिश्र को उच्चतम न्यायालय ने तीन तीन बार सेवा विस्तार देने पर कड़ा रुख अपनाया। विक्रम ओर बैताल की तरह मिसर जी का ईडी कार्यकाल भी याद किया जाएगा। उनके नेतृत्व में काम करने वाले विभाग का एक और कारनामा सुप्रीम कोर्ट की नजऱ में आया। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन्मोहन रेड्?डी यूं तो संसद में सरकारी पक्ष का ध्यान रखते हैं, परंतु कुछ मुद्दों पर पारे की तरह फिसल जाते हैं। सबक सिखाने के लिए ईडी ने वाय एस भारती रेड्?डी नाम की महिला की अचल संपत्ति जब्त कर ली। भारती जगन्मोहन रेड्?डी के विरुद्ध मनी लांड्रिंग का मामला दर्ज है। भारती कितना नकद और कितना फिक्स्ड डिपाजिट से जमा करने तैयार थीं, यह जानकर क्या करेंगे? कभी मुंबई उच्च न्यायालय में कार्यरत रहे न्यायमूर्ति अभय श्रीनिवास ओका और उनके सहयोगी संजय करोल के आसान सवाल पर ईडी निरुत्तर था। पिलपिले टमाटर सा। मुकदमे न लडऩे वाले वकील भी जानते हैं कि धन शोधन के लिए 2002 के अधिनियम में अचल संपत्ति जब्त करने का प्रावधान है?

टमाटर की निर्यात को मात

प्रधानमंत्री से पूछने की जरूरत नहीं पड़ी कि परदेस गए थे, क्या लाए? ऐसी परमाणु पनडुब्बी मिलेगी जिसे राडार नहीं पकड़ सकते। रफाल नाम जाना पहचाना है। अमेरिका और फ्रांस के करारनामों के दरम्यान वाणिज्य मंत्रालय ने निर्यात आंकड़ों की छानबीन की। रपट के मुताबिक पिछले साल की तुलना में हाल की जून छमाही में निर्यात में भारी गिरावट आई। पहली तिमाही की तुलना में दूसरी तिमाही ज्यादा खराब रही। 11 महीनों में 20 खरब की कमी, वह भी डियर डालर की मुद्रा में? मंत्रालय के महान विशेषज्ञों ने कारण तलाश किया। इतना तो माना कि अमेरिका और यूरोप में भारतीय माल की मांग कम तो हुई है, कारण अलग बताए।  नंबर-1, अमेरिका यूरोप की विकास गति मंद है। दूसरे मुद्रास्फीति रोकने के लिए ब्याज दर बढ़ा दी। भरोसमंद वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के रहते हुए गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं है। आयात भी घटा है। इससे खर्च भी कम हुआ।  टमाटर पहलवान महंगा है। दुनिया भर में सोना गिरा। विदेश में चारों खाने चित होने के बावजूद स्वर्ण आयात में 80 प्रतिशत से अधिक वृद्धि हुई।

लाल टमाटर की चटनी

दक्षिण की पुरानी हिंदी फिल्मों ने सफलता का इतिहास रचा था। सफल फिल्मों के अंत में पुरा कुनबा परदे पर नजऱ आता था। सिनेमा शौकीन बेंगलूरु शहर के नामी होटल में प्रतिपक्ष के नेता ठहरेंगे। हम साथ साथ हैं, वाली मुद्रा में नेता होर्डिंग में नजऱ आते हैं-यूनाइटेड वी स्टेंड नारे के साथ साथ। क्षत- विक्षत मेहमानों में शरद पवार, उद्धव ठाकरे से लेकर घोसी का विधायक गंवाने के बाद अखिलेश यादव शामिल हैं।

पार्टियों की टूट-फूट और दलबदल कानून की धज्जियां उड़ाने में वैधानिक और संवैधानिक एजेंसियों की भूमिका का कार्यक्रम पत्रिका में उल्लेख हो न हो, चर्चा इसी बात पर होनी है। उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार मुख्य इंतजाम अली हैं। मुख्यमंत्री का बंगला होटल से लगकर है। इसके बावजूद वे और उपमुख्यमंत्री होटल में रुकेंगे। सोनिया गांधी के लिए सबसे अच्छा सुइट आरक्षित है। मेहमानों को सुर्ख लाल टमाटर की चटनी समेत खास व्यंजन परोसे जाएंगे। कर्नाटक अन्य राज्यों को टमाटर निर्यात करता है। इसके बावजूद ममता बनर्जी ने सोनिया गांधी के रात्रिभोज में शामिल होने की हामी नहीं भरी।

(लेखक दैनिक भास्कर नागपुर के समूह संपादक हैं)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news