बेमेतरा

पुरानी पेंशन लागू, जिले के कर्मचारी संघों के पदाधिकारियों ने भी किया स्वागत
10-Mar-2022 3:55 PM
पुरानी पेंशन लागू, जिले के कर्मचारी संघों के पदाधिकारियों ने भी किया स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 10 मार्च। 
मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने विधानसभा में पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की घोषणा की। जैसे ही घोषणा हुई, वैसे ही अब तक सीपीएस के दायरे में रहे सभी अधिकारी कर्मचारियों में उत्साह एवं खुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने इसे होली और दिवाली त्यौहार के समान पटाखे जलाकर और एक दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई देते हुए खुशियां जाहिर की। जिले के कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री की इस घोषणा का स्वागत करते हुए 2004 के पश्चात नियुक्त कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।  

कलेक्टोरेट परिसर में जैसे ही अधिकारी कर्मचारियों ने यह समाचार सुना सभी ने खुशी जताई और मुख्यमंत्री के इस निर्णय के प्रति आभार जताया। इस संबंध में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बेमेतरा जिले के राजपत्रित अधिकारी संघ के अध्यक्ष श्री राजकुमार सोलंकी ने कहा कि यह पुरानी पेंशन बहाली योजना 2004 के बाद आये भर्ती कर्मचारियों के लिए स्वागत योग्य निर्णय है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के इस निर्णय से अब तक सीपीएस के दायरे में रहे अधिकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का लाभ मिलेगा। अधिकारी कर्मचारियों की यह चिंता मुख्यमंत्री ने दूर कर दी है, हम उनके प्रति आभार व्यक्त करते हैं। संघ के सभी सदस्यों ने भी मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री के इस निर्णय से अधिकारी-कर्मचारियों में गहरी खुशी है। इस संबंध में चर्चा करने पर जिला कोषालय में कार्य कर रहे सहायक ग्रेड-2 सत्यजीत जागृत ने बताया कि वह इस निर्णय से बहुत खुश हैं शासन की पुरानी पेंशन योजना में एकमुश्त राशि आने से लोगों को सेवानिवृत्ति के पश्चात चिंता नहीं होती क्योंकि पुरानी पेंशन का निर्धारण इसी दृष्टि से किया गया था कि पेंशन की राशि में किसी तरह का उतार-चढ़ाव ना हो सके।

छत्तीसगढ़ अधिकारी ,कर्मचारी फेडरेशन अवश्वनी बेनर्जी, सचिव प्रसेन दिक्षित, महासचिव आर के वर्मा, उपाध्यक्ष बलदाउ पटेल, नानक साहू एवं कलेक्टोरेट में कार्यरत लोचन साहू, जितेन्द्र साहू, कार्तिक राम कैवर्त्य, हेमंत खरे, नीलम सोनवानी, नेहा शर्मा, राजेन्द्र घृतलहरे, विजय टण्डन, अपर कलेक्टर न्यायालय के रिडर विनय कुर्रे, एस एल साहू, उमेश वर्मा, एल.एस.धु्रव, एच.एस. बनछोर, करारोपण अधिकारी ज.प. साजा धनसिंह ठाकुर, एडीईओ ज.पं. नवागढ़ नितिश दिव्य इन सभी ने कहा कि पुरानी पेंशन पद्धति में निश्चित राशि पेंशन के रूप में प्राप्त होती है जिससे सेवानिवृत्ति के पश्चात किसी तरह के वित्तीय प्रबंधन की चिंता करने की जरूरत कर्मचारियों को नहीं होती और वह अपने बच्चों की पढ़ाई लिखाई पर अधिक निवेश कर सकते हैं, और उन्होंने कहा कि हम मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हैं पुरानी पेंशन बहाली से सभी अधिकारी कर्मचारियों की चिंता दूर हुई है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news