दन्तेवाड़ा

भाजपा की आमसभा, राज्य सरकार की असफलताएं गिनाईं
15-Dec-2022 10:10 PM
भाजपा की आमसभा, राज्य सरकार की असफलताएं गिनाईं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 15 दिसंबर।
छत्तीसगढ़ की कांग्रेसी सरकार की असफलताओं को जन सामान्य से अवगत कराने भाजपा की आम सभा का जिला मुख्यालय के आंंवरा भाटा में आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में वक्ताओं ने संबोधित किया।

समारोह के प्रमुख वक्ता राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य भाजपा विष्णु देव साय ने संबोधन में छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार को गरीब विरोधी निरूपित किया। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में एकमात्र छत्तीसगढ़ ही ऐसा राज्य है, जिसने प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि को लौटा दिया। इसके फलस्वरूप निर्धन नागरिकों को पक्के मकान से महरूम होना पड़ा। यह कांग्रेस की गरीब विरोधी मानसिकता का प्रतीक है।

भाजपा जिला संगठन प्रभारी सुभाउ कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के गठन उपरांत ही से ही विकास थम गया है। समूचे प्रदेश में सडक़ें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। जिससे आवागमन में जद्दोजहद करनी पड़ रही है।

जिला अध्यक्ष चैतराम अटामी ने उद्बोधन में कांग्रेस सरकार की कथनी और करनी में अंतर का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गंगाजल हाथ में लेकर घोषणा पत्र जारी किया था।  चार वर्ष के व्यतीत होने के उपरांत भी घोषणा पत्र के वायदे कागजों में ही सिमटे हैं।

आम सभा में  श्रीकुमार भदौरिया, ओजस्वी मंडावी, कमला नाग, नंदलाल मुहामी, धीरेंद्र प्रताप, संतोष गुप्ता, रामू नेताम, राजेश कश्यप श्रवण कड़ती कामों कुंजाम  अंति बैक और सुकालू मुड़ामी ने भी कांग्रेस सरकार की विफलताओं से अवगत कराया। कार्यक्रम का संचालन सत्यजीत चौहान ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news