राजनांदगांव

जो नेता दुनिया में नहीं उन्हें भी नांदगांव भाजपा की सूची में मिली जगह
07-Feb-2021 12:32 PM
जो नेता दुनिया में नहीं उन्हें भी नांदगांव भाजपा की सूची में मिली जगह

जिला भाजपा की नई सूची पर खड़ा हुआ राजनीतिक बखेड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 फरवरी।
हाल ही में राजनांदगांव   जिला भाजपा की नई सूची के जारी होने के बाद नया राजनीतिक बखेड़ा शुरू हो गया है। पार्टी ने अपनी सूची में स्थाई आमंत्रित सदस्यों के रूप में ऐसे नेताओं को जगह दी है, जो अब इस दुनिया में नहीं है। बताया जा रहा है कि सूची में करीब 3 ऐसे नेताओं को स्थाई आमंत्रित सदस्य बनाया गया है, जिन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। वहीं सूची में कुछ अस्वस्थ और उम्रदराज नेताओं को भी शामिल किया गया है। उम्रदराज नेताओं में एक-दो ऐसे नेता हैं, जो बिस्तर में पड़े हुए हैं। इस सूची को लेकर भाजपा का दूसरा खेमा हमलावर हो गया है। बताया जा रहा है कि सूची को लेकर पार्टी में घमासान की स्थिति पैदा हो गई है। सूची जारी करने से पहले संगठन ने सावधानी नहीं बरती। लिहाजा नांदगांव जिला भाजपा के प्रमुख ओहदे में काबिज नेताओं पर लोग सवाल दाग रहे हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक अंबागढ़ चौकी से सुनील जोशी, बांधाबाजार से चंद्रप्रकाश शर्मा और एक नेता आरसी पारख इस दुनिया में नहीं है। वहीं डोंगरगढ़ के प्रहलाद तिवारी  और मोहला के जत्तूराम सोरी घर में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। उन्हें लकवाग्रस्त होना बताया जा रहा है। वहीं दूरगेराम मंडावी भी बुजुर्ग हैं। बताया जा रहा है कि संगठन में अब इस लापरवाही को लेकर गुटीय लड़ाई तेज हो गई है। जिला भाजपा के एक गुट ने सूची को लेकर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। 

इस संबंध में जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि यह सही है कि कुछ दिवंगत नेताओं का नाम सूची में शामिल हो गया है। इसके पीछे कारण यह है कि जब सूची बनाई जा रही थी, उस दौरान उक्त नेता जीवित थे। थोड़ी सी असावधानी जरूर हुई है, लेकिन इसे बेवजह तूल दिया जा रहा है।
उधर जिला भाजपा की सूची में गड़बड़ी होने के कारण पार्टी में इस मुद्दे को लेकर अंदरूनी खींचतान बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि जिला भाजपा में महामंत्री, उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद नहीं मिलने से नाराज नेताओं ने इसे बड़ा मुद्दा बना लिया है। स्थानीय आला नेताओं के अलावा प्रदेश पार्टी नेतृत्व को भी पूरे हालात की जानकारी दी गई है। बताया जा रहा है कि जिला भाजपा में लगातार आपसी खींचतान बढऩे से संगठन की बुनियादी नींव हिल रही है। इस मामले को लेकर दूसरे नेताओं ने अघोषित रूप से जंग छेड़ दिया है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news