महासमुन्द

वैक्सीन के दो डोज के बाद भी स्वास्थ्य कर्मी पॉजिटिव
16-Mar-2021 7:04 PM
वैक्सीन के दो डोज के बाद भी स्वास्थ्य कर्मी पॉजिटिव

   15 दिन पहले ही कोरोना का दूसरा डोज लगा था   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुन्द, 16 मार्च। जिले में कोविड वैक्सीनेशन के दो डोज लगने के बाद भी कोविड पॉजिटिव आने का पहला मामला सामने आया है। सोमवार को एक हेल्थ वर्कर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिसे 15 दिन पहले ही कोविड का दूसरा डोज लगा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हेल्थ वर्कर जलकी स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ है। सोमवार को उसने शरीर में दर्ज की शिकायत लेकर जांच कराई, जिसमें उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी पुष्टि की है। सीएमएचओ डॉ एनके मंडपे ने बताया कि एक स्वास्थ्यकर्मी पॉजिटिव आया है। उसे वैक्सीन लग चुकी है। फिलहाल उसे कोई तकलीफ नहीं है। इस मामले में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ अरविंद गुप्ता ने बताया कि दो डोज लगने के बाद भी पॉजिटिव हो सकते हैं।

इसी तरह जिले में वैक्सीन की एक डोज लगने के बाद एक महिला दो दिन पहले पॉजिटिव आई है, जिसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं कुछ दिन पहले एक पुलिस अधिकारी भी वैक्सीन का एक डोज लगवाने के बाद पॉजिटिव आया था।

बागबाहरा ब्लॉक के स्कूल में कक्षा 12वीं की एक छात्रा कोरोना पॉजिटिव आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 मार्च को उक्त छात्रा पॉजिटिव आई। इसके बाद छात्रा के संपर्क में आए छात्र-छात्राएं और शिक्षकों को होम आइसोलेशन पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं बच्ची के साथ रहने वाले 5 छात्राओं का भी टेस्ट हुआ है, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। ऐहतियात के तौर पर स्कूल के सभी बच्चों को बुधवार के लिए स्कूल परिसर में ही कोविड टेस्ट के लिए बुलाया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्रा के संपर्क में करीब 15 बच्चे थे। वहीं प्राचार्य ने आगामी 14 दिनों के लिए स्कूल को बंद रखने का आदेश जारी किया है।

बागबाहरा बीईओ ने बताया कि स्कूल में छात्रा के पॉजिटिव आने की जानकारी मिली है। इसके बाद ऐहितियात के तौर पर स्कूल को बंद कर दिया गया है।

सोमवार को जिले में 19 पॉजिटिव प्रकरण सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार महासमुन्द ब्लॉक में सर्वाधिक 10 पॉजिटिव प्रकरण सामने आए हैं। इसी तरह बागबाहरा ब्लॉक में 6, बसना में 2 और सरायपाली में 1 पॉजिटिव सामने आया है। सोमवार को कुल 883 सैंपल की जांच की गई। जिले में अब तक कुल 9574 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। इनमें से 9347 स्वस्थ हो चुके हैं। इस माह 1 मार्च के बाद सोमवार को फिर से एक व्यक्ति की मौत हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पटेवा क्षेत्र के 70 वर्षीय एक व्यक्ति को पॉजिटिव आने के बाद 8 मार्च को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उसका इलाज चल रहा था। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। उसे कोविड.19 के अलावा अन्य गंभीर बीमारियां भी थी। इसके साथ महासमुन्द जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 150 पहुंच गई है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news